12 अगस्त से दिल्ली में व्यापार का महाकुंभ, 2000 से ज्यादा लगाए जाएंगे स्टॉल
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (07/07/2026): नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह देश के सबसे बड़े बहु-क्षेत्रीय व्यापार आयोजनों में शामिल है, जिसका उद्देश्य भारतीय उत्पादों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्टार्टअप, व्यापारियों और स्थानीय निर्माताओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इस आयोजन के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
इस व्यापार महोत्सव का आयोजन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) और भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम का केंद्र बिंदु आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को मजबूत करना, घरेलू उद्योगों को प्रोत्साहन देना तथा भारतीय उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं को बढ़ाना है। साथ ही आयात पर निर्भरता कम करने और देश के व्यापारिक नेटवर्क को नई गति देने पर भी विशेष जोर रहेगा।
चार दिवसीय इस आयोजन में 2,000 से अधिक प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न क्षेत्रों के उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित होंगी। देश-विदेश के करीब दो लाख व्यापारिक प्रतिनिधियों और 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के दौरान खरीदार-विक्रेता बैठकें, व्यापारिक संवाद, क्षेत्रवार प्रदर्शनी, विशेषज्ञ सत्र और नए कारोबारी अवसरों पर चर्चा जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे उद्यमियों को नए बाजार और साझेदार मिलने में मदद मिलेगी।
महोत्सव को दो प्रमुख हिस्सों में विभाजित किया गया है। पहले भाग में विशाल इनडोर प्रदर्शनी के माध्यम से उद्योग, एमएसएमई, वित्तीय सेवाएं, रियल एस्टेट, महिला उद्यमिता और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों को प्रमुखता दी जाएगी। वहीं दूसरे भाग में उत्कृष्ट स्वदेशी उत्पादों के साथ भारतीय पर्यटन, संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प की झलक भी देखने को मिलेगी। आयोजकों का मानना है कि यह महोत्सव “मेक इन इंडिया” और “वोकल फॉर लोकल” अभियान को नई मजबूती देने के साथ भारतीय व्यापार जगत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा है कि हमें ऐसे सामानों को प्राथमिकता देनी चाहिए, जो भारत में बने हों और जिनमें देश के युवाओं की मेहनत तथा भारतीय कारीगरों का योगदान शामिल हो। उन्होंने प्रत्येक घर और प्रत्येक दुकान को स्वदेशी उत्पादों से जोड़ने का संदेश देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तभी मजबूत होगा, जब देश का हर नागरिक गर्व के साथ भारतीय उत्पादों का उपयोग करेगा। इसी सोच को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लोगों से भारतीय व्यापार महोत्सव में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की जा रही है, ताकि स्वदेशी उद्योगों, व्यापारियों और एमएसएमई को नया बाजार और वैश्विक पहचान मिल सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।