गेट पर रोककर पूछताछ करना पड़ा भारी, सुरक्षा गार्डों पर लाठी-डंडों से हमला; दो आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (07/07/2026): शहर की रिहायशी सोसायटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-116 स्थित एक सोसायटी में देर रात ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों के साथ कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में तीन सुरक्षा गार्ड घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक गार्डों को दौड़ाकर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब एक बजे आरडब्ल्यूए की ओर से आने वाली एक कार को सोसायटी के गेट नंबर-5 पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने नियमित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत रोककर वाहन सवार से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर कार सवार भड़क गया। आरोप है कि उसने कुछ ही देर बाद अपने 5-6 साथियों को मौके पर बुला लिया, जो लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और गार्डों पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने गार्डों को दौड़ाकर पीटा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें कई युवक सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने सोसायटी में रहने वाले लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
घटना के बाद आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने थाना सेक्टर-113 पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि ड्यूटी निभा रहे सुरक्षा कर्मियों के साथ इस तरह की घटनाएं होंगी तो सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-116 स्थित एक सोसायटी में प्रवेश को लेकर सुरक्षा गार्ड और सोसायटी के कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
थाना सेक्टर-113 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में नामजद दो आरोपियों आकाश और मंजूनाथ, दोनों निवासी सेक्टर-116, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।