‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिले जन-जन का साथ: NDMC 34 स्थानों पर चलाएगी मेगा वृक्षारोपण अभियान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, 07 जुलाई 2026: पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) 7 जुलाई 2026 को अपने क्षेत्र के 34 स्थानों पर “मेगा ट्री प्लांटेशन ड्राइव” आयोजित करेगी। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने इसकी जानकारी देते हुए नई दिल्ली के नागरिकों से अपने घरों के आसपास ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

चहल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में यह विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 7 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री दिल्ली सरकार के 70 लाख वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे, जिसके तहत एनडीएमसी भी अपने क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण करेगी।

600 पेड़ और 50 हजार झाड़ियां लगाने का लक्ष्य

एनडीएमसी ने इस अभियान के तहत लगभग 600 वृक्ष और 50,000 झाड़ियां (श्रब्स) लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए 50,000 से अधिक गड्ढे पहले ही तैयार किए जा चुके हैं।

अभियान के दौरान पीपल, नीम, जामुन, इमली, चंपा, अशोक, गुलमोहर और अमलतास जैसे देशी एवं पर्यावरण के अनुकूल वृक्ष लगाए जाएंगे। इसके साथ ही हैमेलिया, जस्टिसिया, कैना लिली, चांदनी सहित अन्य सजावटी एवं देशी प्रजातियों की झाड़ियां भी रोपी जाएंगी, जिससे हरित क्षेत्र की जैव विविधता और सौंदर्य दोनों में वृद्धि होगी।

जनभागीदारी से बनेगा हरित आंदोलन

चहल ने बताया कि इस अभियान में एनडीएमसी के सभी परिषद सदस्य, विभागाध्यक्ष (HOD), अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इसके अलावा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन (MTA), विद्यालयों, विभिन्न संस्थानों और स्थानीय नागरिकों की भी भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने कहा कि एनडीएमसी के लिए वृक्षारोपण केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं बल्कि एक सतत जन-आंदोलन है। परिषद पिछले 31 रविवारों से ‘एक पेड़ माँ के नाम – ऑन संडे’ अभियान के तहत लगातार वृक्षारोपण कर रही है। राष्ट्रीय पर्वों और अन्य विशेष अवसरों पर भी नियमित रूप से पौधारोपण किया जाता है।

दिल्ली के हरित आवरण में एनडीएमसी का बड़ा योगदान

कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि एनडीएमसी वर्तमान में लगभग 1,450 एकड़ हरित क्षेत्र का रखरखाव कर रही है। इसमें 6 प्रमुख उद्यान, 122 कॉलोनी पार्क, 981 सीपीडब्ल्यूडी अनुरक्षित पार्क, 52 विद्यालयीय हरित क्षेत्र, 51 राउंडअबाउट, 14 मार्केट गार्डन तथा लगभग 15,000 सड़क किनारे लगे वृक्ष शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का केवल लगभग 3 प्रतिशत हिस्सा होने के बावजूद एनडीएमसी, राजधानी के करीब 55 प्रतिशत हरित आवरण में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

नागरिकों से विशेष अपील

चहल ने नई दिल्ली के सभी नागरिकों से अपील की कि वे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ें, अपने घरों के आसपास कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के माध्यम से एनडीएमसी प्रधानमंत्री के स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-सचेत भारत के संकल्प को निरंतर साकार करने की दिशा में कार्य करती रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।