गौतमबुद्ध नगर पुलिस की महिला सिपाही प्रियंका अरोड़ा ने गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल पर जमाया कब्जा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (05 दिसंबर 2024): गौतमबुद्ध नगर पुलिस की महिला मुख्य आरक्षी प्रियंका अरोड़ा ने कोलंबिया में आयोजित लेटिन अमेरिका पुलिस गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश और विभाग का नाम रोशन किया है। प्रियंका ने टेबल टेनिस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल, टेबल टेनिस मिक्स डबल और 100 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इस उपलब्धि के लिए गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने प्रियंका अरोड़ा को सम्मानित करते हुए ₹75,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने प्रियंका की इस सफलता को पुलिस विभाग के लिए गर्व का क्षण बताया और अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रेरणा लेने की बात कही।
17 से 23 नवंबर के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत सहित मैक्सिको, पनामा, बोलिविया, ब्राजील, इक्वाडोर और रोमानिया जैसे देशों के करीब 2,500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रियंका की इस उपलब्धि ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की खेल प्रतिभा को एक बार फिर साबित किया है।
इस मौके पर पुलिस विभाग ने प्रियंका की मेहनत और समर्पण की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।