सोलर ऊर्जा में यूपी का बड़ा कमाल, PM Surya Ghar Yojana में देशभर में पहला स्थान

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (04/07/2026): प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उत्तर प्रदेश ने घरेलू रूफटॉप सोलर क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य ने जून 2026 में 71,888 घरेलू रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना कर देश में पहला स्थान प्राप्त किया। यह न केवल उत्तर प्रदेश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक प्रदर्शन है, बल्कि किसी भी राज्य द्वारा एक महीने में की गई सबसे अधिक घरेलू रूफटॉप सोलर स्थापनाओं का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है।

राज्य में अब तक प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 10,89,716 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से 6,36,745 घरेलू रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। लगातार कई महीनों से उत्तर प्रदेश मासिक इंस्टॉलेशन के मामले में देश में अग्रणी बना हुआ है।

मौजूदा रुझानों के अनुसार, जुलाई 2026 के अंत तक उत्तर प्रदेश कुल घरेलू रूफटॉप सोलर स्थापनाओं में महाराष्ट्र को पीछे छोड़कर देश का दूसरा सबसे बड़ा राज्य बन सकता है। इसके बाद राज्य का लक्ष्य गुजरात को पीछे छोड़ते हुए इस श्रेणी में देश का नंबर-1 राज्य बनने का है।

राज्य में अब तक 2,148 मेगावाट से अधिक सोलर क्षमता स्थापित की जा चुकी है। उपभोक्ताओं को ₹5,500 करोड़ से अधिक की सब्सिडी सीधे उनके खातों में दी गई है। इस अभियान से जुड़े 7,000 से अधिक कंपनियां और वेंडर्स कार्यरत हैं, जबकि 80,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित हुए हैं।

घरेलू रूफटॉप सोलर संयंत्रों से उत्तर प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 96 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिसका अनुमानित मूल्य ₹6 करोड़ प्रतिदिन से अधिक है। साथ ही, इस क्षेत्र में प्रतिदिन ₹40 करोड़ से अधिक का कारोबार हो रहा है और बड़े भूमि आधारित ऊर्जा परियोजनाओं की तुलना में 9,000 एकड़ से अधिक भूमि की बचत भी हुई है।

सरकार के अनुसार, यह उपलब्धि जागरूक उपभोक्ताओं, सोलर वेंडर्स, यूपीनेडा, बैंकिंग संस्थानों, डिस्कॉम और अन्य सभी हितधारकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उत्तर प्रदेश की यह प्रगति स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित विकास को नई गति देने के साथ देश की रूफटॉप सोलर क्रांति में राज्य की मजबूत भूमिका को भी रेखांकित करती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।