स्पेक्ट्रम मेट्रो मॉल के पास भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में जा घुसा ऑटो, महिला की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (03/07/2026): नोएडा के सेक्टर-75 स्थित स्पेक्ट्रम मेट्रो मॉल के निकट गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार ऑटो की जोरदार भिड़ंत में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक सहित पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-113 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के कौशांबी से पानी की बोतलों की खेप लेकर बुलंदशहर के सिकंदराबाद जा रहा ट्रक सेक्टर-75 स्थित स्पेक्ट्रम मेट्रो मॉल के गेट नंबर-8 के पास सड़क किनारे खड़ा था। बताया गया कि ट्रक चालक वाहन रोककर कुछ देर के लिए शौच के लिए चला गया था। इसी दौरान सेक्टर-62 से सलारपुर की ओर यात्रियों को लेकर जा रहा एक ऑटो अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने सलारपुर निवासी याशमीन (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी 23 वर्षीय पुत्री रनावी, छह माह का पोता सैयद, पुत्रवधू नफीसा (25), ऑटो चालक मनोज (20) निवासी सर्फाबाद तथा देवराज दयाल (32) की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि मृतका का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के पूरनपुर क्षेत्र का रहने वाला है। वर्तमान में परिवार सलारपुर में निवास करता है। परिजनों के अनुसार वे बुधवार रात रोडवेज बस से पीलीभीत से नोएडा लौटे थे और सेक्टर-62 से ऑटो के माध्यम से घर जा रहे थे। घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में यह हादसा हो गया।

पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत (तहरीर) प्राप्त नहीं हुई है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही रही या नहीं, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह भी देखा जा रहा है कि ऑटो चालक ने वाहन पर नियंत्रण क्यों खोया और सड़क किनारे खड़े ट्रक की पार्किंग यातायात नियमों के अनुरूप थी या नहीं। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।