15 दिन बाद खत्म हुई GIMS की हड़ताल, DM की मध्यस्थता से बनी सहमति; आज से सभी सेवाएं सामान्य
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (01/07/2026): करीब 15 दिनों से राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS), ग्रेटर नोएडा में चल रहा आउटसोर्स गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का धरना आखिरकार समाप्त हो गया है। जिला प्रशासन की पहल और जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद कर्मचारियों और संस्थान प्रशासन के बीच सहमति बनी, जिसके परिणामस्वरूप बुधवार, 1 जुलाई से सभी कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौट आए हैं। इसके साथ ही संस्थान की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सामान्य हो गई हैं।
संस्थान प्रशासन के अनुसार, 15 जून 2026 से आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से कार्यरत गैर-शैक्षणिक कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे थे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। मंगलवार को जिलाधिकारी की मौजूदगी में GIMS के निदेशक और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में कर्मचारियों की मांगों और हाल की घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रशासन की ओर से समस्याओं के समाधान और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।
निदेशक का आश्वासन- शिकायतों की होगी निष्पक्ष जांच
संस्थान के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. राकेश गुप्ता ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी के साथ अनुचित व्यवहार या अन्याय की शिकायत सामने आती है तो उसकी जांच के लिए समिति गठित की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी कर्मचारी के साथ पक्षपात या प्रताड़ना नहीं होने दी जाएगी तथा सभी मामलों को पारदर्शिता के साथ देखा जाएगा।
निदेशक ने कर्मचारियों को संस्थान का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि GIMS एक परिवार की तरह कार्य करता है और भविष्य में भी कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान आपसी संवाद के माध्यम से किया जाएगा। जिन मामलों का समाधान संस्थान स्तर पर संभव होगा, उन्हें वहीं निस्तारित किया जाएगा, जबकि अन्य विषय शासन स्तर पर भेजे जाएंगे।
कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भरोसे के बाद खत्म किया आंदोलन
कर्मचारी प्रतिनिधियों ने बताया कि जिलाधिकारी और संस्थान प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासनों के बाद सभी कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया है। उनका कहना है कि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित रहेगी, उनकी शिकायतों की निष्पक्ष जांच होगी और भविष्य में किसी भी विवाद की स्थिति में संवाद के माध्यम से समाधान निकाला जाएगा। इसी भरोसे के साथ सभी कर्मचारी 1 जुलाई से पुनः अपनी ड्यूटी पर लौट आए हैं।
OPD, इमरजेंसी, ICU और ऑपरेशन थिएटर की सेवाएं पूरी तरह बहाल
GIMS प्रशासन ने जानकारी दी कि कर्मचारियों की वापसी के साथ ही संस्थान की सभी चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। ओपीडी, इमरजेंसी, ऑपरेशन थिएटर (OT), आईसीयू सहित सभी विभाग पहले की तरह कार्य कर रहे हैं और मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की बाधा नहीं है। संस्थान ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रशासन ने सहयोग के लिए जताया आभार
हड़ताल समाप्त होने के बाद संस्थान प्रशासन ने उत्तर प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने पूरे घटनाक्रम के दौरान सहयोग प्रदान किया। निदेशक ने कहा कि यदि इस अवधि में संस्थान की ओर से किसी कर्मचारी की भावनाएं आहत हुई हों तो उसके लिए खेद है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आपसी विश्वास और सहयोग के साथ मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
अब हड़ताल समाप्त होने के साथ GIMS में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह पटरी पर लौट आई हैं और संस्थान प्रशासन तथा कर्मचारी दोनों ने भविष्य में संवाद और समन्वय के जरिए समस्याओं के समाधान का भरोसा जताया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।