New Delhi News (30 June 2026): दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश करते हुए एक कारोबारी की पत्नी और गोगी गैंग से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कारोबारी की पत्नी सपना जैन ने कथित तौर पर अपने पति से 50 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने, सास की हत्या कराने और बाद में पति पर जानलेवा हमला करवाने की योजना बनाई थी। इस मामले में गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रजत के रूप में हुई है, जिसके गोगी गैंग से जुड़े होने की बात जांच में सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, 14 जून को लक्ष्मी नगर के एक कारोबारी को अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल और मैसेज कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। धमकी देने वाले ने खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताते हुए कारोबारी और उसके परिवार की हत्या की चेतावनी दी थी। आरोपी ने कारोबारी के घर और दुकान की तस्वीरें तथा उनकी लोकेशन भी भेजी, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। इस संबंध में 18 जून को लक्ष्मी नगर थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद जांच स्पेशल सेल की नई दिल्ली रेंज को सौंप दी गई।
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने सोनीपत निवासी रजत की पहचान की और 25 जून को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके मोबाइल फोन की जांच में कई अहम सुराग मिले। पुलिस का दावा है कि रजत एक ओर विदेश में बैठे कथित वसूली करने वाले अपराधी के संपर्क में था, वहीं दूसरी ओर कारोबारी की पत्नी सपना जैन और उसकी बहन से लगातार बातचीत कर रहा था। पूछताछ में रजत ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि सपना जैन ने ही उसे अपने पति से रंगदारी वसूलने की जिम्मेदारी दी थी।
पुलिस जांच के अनुसार, योजना यह थी कि पहले कारोबारी को धमकाकर बड़ी रकम वसूली जाए, फिर उसकी मां की हत्या कर दी जाए और बाद में कारोबारी पर भी हमला किया जाए। आरोप है कि सपना जैन अपने पति की दिनचर्या, आवाजाही और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां लगातार रजत को उपलब्ध करा रही थी, ताकि पूरी साजिश को अंजाम दिया जा सके। रजत के खुलासे के बाद पुलिस ने सपना जैन को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों की शादी वर्ष 2007 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं, जबकि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था।
पुलिस का कहना है कि कारोबारी की मां हमेशा अपने बेटे का पक्ष लेती थीं, जिससे सपना जैन उनसे भी नाराज रहती थी। इसी नाराजगी को इस कथित साजिश की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि सपना की बहन से भी पूछताछ की गई है और उसके आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। वहीं रजत के आपराधिक रिकॉर्ड, गोगी गैंग के सदस्यों तथा अन्य संदिग्ध संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।