UPITS 2026: यूपी को ग्लोबल सोर्सिंग हब बनाने की दिशा में मील का पत्थर- Dr. Rakesh Kumar, Chairman, India Expo Mart
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (28/06/2026): उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show) 2026 के चौथे संस्करण का औपचारिक आगाज़ शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) द्वारा आयोजित भव्य कर्टन रेज़र सेरेमनी (Curtain Raiser Ceremony) के साथ हो गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की सबसे तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में अपनी सशक्त पहचान बना चुका है और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश को वैश्विक व्यापार एवं निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
इसी विषय पर टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत में इंडिया एक्सपो मार्ट के चेयरमैन एवं “एक्सपोर्ट मैन ऑफ इंडिया” (Export Man Of India) डॉ. राकेश कुमार ने UPITS 2026 की तैयारियों, नई रणनीतियों, वैश्विक भागीदारी, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (ODOC)’, MSME, ODOP, विदेशी खरीदारों और उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।

2023 में जो एक सपना था, आज वह अंतरराष्ट्रीय पहचान बन चुका है
डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि, वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो की परिकल्पना की गई थी। उस समय यह केवल एक विचार था, क्योंकि भारत के किसी भी राज्य ने अपने स्तर पर इस प्रकार का अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो आयोजित नहीं किया था।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में UPITS ने न केवल देश के प्रमुख ट्रेड शोज़ में अपनी अलग पहचान बनाई है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का नाम स्थापित हुआ है। हर संस्करण ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं और प्रदेश के कारीगरों, उद्यमियों, निर्माताओं तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस आयोजन की नियमित समीक्षा करते हैं और इसे लेकर बेहद गंभीर हैं। उनका मानना है कि UPITS 2026 उत्तर प्रदेश को एक स्थायी ग्लोबल सोर्सिंग हब के रूप में दुनिया के सामने और अधिक मजबूती से प्रस्तुत करेगा।
वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (One District One Cuisine) भविष्य का मास्टरस्ट्रोक साबित होगा
इस बार पहली बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (ODOC)’ को प्रमुख आकर्षण बनाए जाने पर डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)’ ने उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई, उसी प्रकार अब प्रत्येक जिले की पारंपरिक खाद्य विरासत को भी वैश्विक ब्रांड बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आगरा का पेठा और दालमोठ, बनारस की लस्सी और पान, मथुरा के पेड़े, बरेली की रबड़ी, झांसी का बाफला जैसे अनेक स्थानीय व्यंजन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान हैं। यदि इन्हें व्यवस्थित ब्रांडिंग और व्यापारिक दृष्टिकोण से विकसित किया जाए तो निवेश बढ़ेगा, नए उद्योग स्थापित होंगे और बड़े स्तर पर रोजगार का सृजन होगा। उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के लिए एक मास्टरस्ट्रोक और रोजगार सृजन का गेम चेंजर साबित होगा।

इस बार विदेशी खरीदारों और देशों की संख्या सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ेगी
विदेशी भागीदारी को लेकर डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि पहले संस्करण में लगभग 60 देशों की भागीदारी रही थी, इसके बाद यह संख्या लगातार बढ़ते हुए 70 और फिर 85 देशों तक पहुंच गई।उन्होंने बताया कि इस वर्ष फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (FIEO) के सहयोग से विशेष रणनीति तैयार की गई है। पहली बार Hosted Buyer Programme के तहत चुनिंदा विदेशी खरीदारों को भारत बुलाने के लिए उनके एयरफेयर और आवास की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि वे उत्तर प्रदेश के उत्पादों को स्वयं देखकर भविष्य में नियमित व्यापारिक साझेदार बन सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार विदेशी देशों, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और वैश्विक व्यापारिक प्रतिनिधियों की संख्या अब तक के सभी रिकॉर्ड पार करेगी।

उत्तर प्रदेश अब केवल कृषि नहीं, बल्कि सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स का भी नया केंद्र बन रहा है
UPITS 2026 की सबसे बड़ी विशेषता बताते हुए डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश को एक स्थायी और विश्वसनीय सोर्सिंग हब के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संस्करण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीकों का भी प्रदर्शन होगा। साथ ही प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, सुरक्षा उपकरणों सहित नई औद्योगिक क्षमताओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेवर, ग्रेटर नोएडा और आसपास का औद्योगिक क्षेत्र आज उत्तर प्रदेश के विकास का नया चेहरा बन चुका है और यही परिवर्तन इस ट्रेड शो में दुनिया के सामने दिखाई देगा।
डबल इंजन सरकार की वजह से मिला केंद्र का भरपूर सहयोग
केंद्र सरकार की भूमिका पर डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनी डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति दी है। उन्होंने बताया कि पहले संस्करण का उद्घाटन भारत के राष्ट्रपति ने किया था, दूसरे संस्करण में उपराष्ट्रपति शामिल हुए और तीसरे संस्करण का उद्घाटन स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इसके अलावा वाणिज्य मंत्रालय, MSME मंत्रालय तथा विभिन्न केंद्रीय संस्थानों ने लगातार सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं, मंत्रालयों और एजेंसियों के सहयोग से UPITS लगातार वैश्विक स्तर पर मजबूत होता जा रहा है।

MSME, ODOP और स्टार्टअप्स के लिए यह व्यापार का महाकुंभ है
छोटे उद्यमियों को मिलने वाले लाभ पर डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि UPITS वास्तव में व्यापार, उद्योग और उद्यमियों का महाकुंभ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के उत्पाद एक ही मंच पर उपलब्ध होते हैं, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदार सीधे निर्माताओं से जुड़ते हैं। लगभग 2500 प्रदर्शकों को नेटवर्किंग, बिजनेस मीटिंग और निर्यात के नए अवसर एक साथ मिलते हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ODOP, MSME और स्टार्टअप्स के लिए यह मंच वैश्विक बाजार तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है।
ट्रेड शो का उद्देश्य निवेश नहीं, सीधे व्यापारिक सौदे कराना है
बड़े निवेश और MoU की संभावनाओं पर डॉ. राकेश कुमार ने स्पष्ट किया कि इन्वेस्टर्स समिट और ट्रेड फेयर दोनों की प्रकृति अलग होती है। उन्होंने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट भविष्य के निवेश आकर्षित करती है, जबकि ट्रेड शो में खरीदार और विक्रेता सीधे मिलकर तत्काल व्यापारिक सौदे करते हैं। उन्होंने कहा, हम ट्रेड शो में खरीदार और विक्रेता के बीच मैचमेकर की भूमिका निभाते हैं। हमारा उद्देश्य दोनों को एक ऐसा विश्वसनीय मंच देना है, जहां व्यापारिक संबंध तुरंत स्थापित हो सकें और ऑर्डर तेजी से निष्पादित हों।

रोड शो को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स, 350 से अधिक संस्थाओं ने दिखाई रुचि
तैयारियों पर जानकारी देते हुए डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि प्रत्येक संस्करण समाप्त होते ही अगले संस्करण की तैयारी शुरू हो जाती है। उन्होंने बताया कि जून में दिल्ली में आयोजित रोड शो को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, जिसमें MSME मंत्री, राज्य मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न देशों के राजदूत, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और 350 से अधिक संस्थाओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि UPITS अब राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार जगत में एक प्रतिष्ठित ब्रांड बन चुका है।
2026 का संस्करण पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़कर नया इतिहास बनाएगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लक्ष्य पर डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल दूरदर्शी नेता ही नहीं बल्कि एक कर्मयोगी हैं, जो हर वर्ष नई चुनौतियां और नए लक्ष्य निर्धारित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि UPITS 2026 को पहले से अधिक भव्य, व्यापक और प्रभावशाली बनाया जाए। इसी लक्ष्य के अनुरूप पूरी टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
डॉ. राकेश कुमार ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा, प्रदर्शकों की संख्या, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की उपस्थिति—हर स्तर पर हम पिछले सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि UPITS 2026 केवल उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे भारतीय ट्रेड फेयर उद्योग के लिए एक नया मील का पत्थर साबित होगा।

UPITS 2026 केवल एक व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की बदलती औद्योगिक तस्वीर, निर्यात क्षमता, स्थानीय उत्पादों, स्टार्टअप संस्कृति, MSME इकोसिस्टम और वैश्विक व्यापारिक महत्वाकांक्षाओं का सबसे बड़ा मंच बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विज़न और राज्य सरकार की रणनीतिक पहल के साथ यह चौथा संस्करण उत्तर प्रदेश को “ग्लोबल सोर्सिंग हब” (Global Sourcing Hub) के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है। यदि तैयारियां इसी गति से आगे बढ़ती रहीं, तो UPITS 2026 न केवल पिछले सभी संस्करणों के रिकॉर्ड तोड़ेगा, बल्कि भारत के सबसे प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शोज़ में अपनी स्थायी पहचान भी स्थापित करेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।