शक्तिसैट मिशन से जुड़कर GBU ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर दर्ज कराई मजबूत उपस्थिति

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (27/06/2026): गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) ने अंतरिक्ष विज्ञान, अनुसंधान और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए विश्व के पहले अंतरराष्ट्रीय ऑल-गर्ल्स लूनर मिशन ‘शक्तिसैट’ से आधिकारिक रूप से साझेदारी की है। इस ऐतिहासिक पहल के साथ विश्वविद्यालय ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और वैश्विक वैज्ञानिक सहयोग के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

‘शक्तिसैट’ मिशन का संचालन एयरोस्पेस संस्था स्पेस किड्ज इंडिया द्वारा इन-स्पेस (Indian National Space Promotion and Authorization Center – IN-SPACe) के सहयोग से किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य दुनिया के 108 देशों की लगभग 12,000 छात्राओं को उपग्रह निर्माण, अंतरिक्ष विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना है, ताकि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को नई दिशा मिल सके।

इस अंतरराष्ट्रीय मिशन में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय अनुसंधान, नवाचार, अंतःविषय शिक्षा तथा वैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाएगा। विश्वविद्यालय का मानना है कि यह साझेदारी विद्यार्थियों, विशेष रूप से छात्राओं और शोधार्थियों को वैश्विक स्तर पर सीखने, अनुसंधान करने और अंतरिक्ष विज्ञान की उन्नत तकनीकों से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने इस अवसर पर कहा कि ‘शक्तिसैट’ मिशन से जुड़ना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उनके अनुसार यह केवल एक अंतरिक्ष परियोजना नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने वाला एक प्रेरणादायी अभियान है। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय हमेशा से विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और यह साझेदारी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल के माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और शोधार्थी अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ कार्य करने, नई तकनीकों को समझने और भारत को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में अपना योगदान देने में सक्षम होंगे।

इस परियोजना को सफल बनाने में विश्वविद्यालय की योजना एवं अनुसंधान अधिष्ठाता प्रो. धनलक्ष्मी तथा अधिष्ठाता (एकेडमिक्स) प्रो. राजीव वार्ष्णेय की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। उनके मार्गदर्शन और शैक्षणिक सहयोग ने इस अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत आधार प्रदान किया है।

उल्लेखनीय है कि ‘शक्तिसैट’ विश्व की सबसे बड़ी युवा-नेतृत्व वाली एयरोस्पेस पहलों में से एक बन चुका है। मिशन का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है और अब परियोजना उपग्रह विकास, पेलोड इंटीग्रेशन, अंतरराष्ट्रीय तकनीकी सहयोग तथा प्रक्षेपण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस वैश्विक साझेदारी से गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय पहचान और सुदृढ़ होगी। साथ ही विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, स्टेम (STEM) शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और वैश्विक शोध परियोजनाओं में भागीदारी के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।