शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा, नोएडा की महिला से 42.13 लाख की ठगी

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (28/06/2026): नोएडा में साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर 67 वर्षीय महिला से 42.13 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने पहले व्हाट्सएप के माध्यम से महिला से संपर्क किया, फिर उन्हें एक निवेश संबंधी ग्रुप में जोड़कर उनका भरोसा जीता। शुरुआती दौर में फर्जी मुनाफा दिखाकर उन्हें लगातार अधिक रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। जब महिला ने अपनी जमा राशि वापस निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया। मामले में साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-92 निवासी बिंदू शर्मा के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया था। बातचीत के दौरान शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए कम समय में अधिक लाभ कमाने का दावा किया गया। कुछ दिनों बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल कर लिया गया, जहां कई लोग खुद को सफल निवेशक बताते हुए भारी मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा करते थे। साथ ही, कथित विशेषज्ञ निवेश से जुड़े सुझाव देकर लोगों का विश्वास जीतने का प्रयास करते थे।

इसके बाद महिला को एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खुलवाने के लिए कहा गया और अलग-अलग बैंक खातों में निवेश की राशि जमा कराई गई। शुरुआती निवेश पर ऐप में अच्छा रिटर्न दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ता गया। इसी विश्वास के चलते उन्होंने अलग-अलग किश्तों में कुल 42.13 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

कुछ समय बाद जब महिला ने अपनी जमा पूंजी और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और सिक्योरिटी डिपॉजिट जैसे बहाने बनाकर अतिरिक्त रकम जमा कराने का दबाव बनाया। संदेह होने पर महिला ने पैसे देने से इनकार कर दिया और अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपियों ने जवाब देना बंद कर दिया।

इसके बाद पीड़िता ने 26 फरवरी और 6 मार्च, 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान बैंक लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर 42.13 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि होने पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।