नई दिल्ली (07 फरवरी 2025): दिल्ली और नोएडा के कई स्कूलों को एक बार फिर बम की धमकी मिली है, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। पूर्वी दिल्ली के एल्कॉन स्कूल सहित कई अन्य स्कूलों में बम रखे होने की कॉल आने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और जांच शुरू कर दी गई। स्कूल प्रशासन ने एहतियातन छात्रों को स्कूल से बाहर निकाल दिया। हालांकि, अब तक किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
नोएडा के प्रतिष्ठित शिव नादर स्कूल को भी बम की धमकी मिली है। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से सभी छात्रों को घर भेजने का निर्णय लिया। पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर पूरे स्कूल परिसर की जांच कर रहे हैं। इससे पहले भी 6 फरवरी को नोएडा के चार स्कूलों में बम की धमकी मिली थी, लेकिन वह फर्जी साबित हुई थी।
बीते कुछ महीनों में दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों को लगातार बम की झूठी धमकियां मिल रही हैं। 7 फरवरी की सुबह भी कई स्कूलों को ऐसी धमकी भरे मेल मिले, जिनमें नोएडा का एक प्रतिष्ठित स्कूल भी शामिल था। स्कूल प्रशासन ने इस स्थिति को देखते हुए तत्काल बच्चों की छुट्टी कर दी और माता-पिता को इसकी सूचना दी। इससे माता-पिता के बीच घबराहट फैल गई, क्योंकि बच्चे पहले ही स्कूल के लिए निकल चुके थे।
शिव नादर स्कूल की प्रिंसिपल ने सभी अभिभावकों को नोटिस जारी कर कहा, “प्रिय माता-पिता, हमें परिसर में छात्रों की सुरक्षा के लिए खतरे की सूचना मिली है। इसे देखते हुए हम सभी के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु स्कूल को शुक्रवार, 7 फरवरी 2025 को बंद कर रहे हैं। कृपया हमारे साथ सहयोग करें और अपने बच्चों को घर पर रखें। जो छात्र पहले ही बसों में चढ़ चुके हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से घर वापस भेज दिया जाएगा।”
इस घटना के बाद पुलिस ने बयान जारी कर जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और संयम बनाए रखने की अपील की। पुलिस के अनुसार, “शिव नादर स्कूल को मिले स्पैम मेल द्वारा बम धमकी की सूचना पर थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस टीम, बम स्क्वॉड, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वॉड और बीडीडीएस टीम द्वारा पूरे परिसर की जांच की जा रही है। साथ ही, साइबर टीम ई-मेल की जांच कर रही है।”
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी नोएडा के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। जांच के बाद पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया था। हालांकि, इन घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बार-बार मिल रही ऐसी झूठी धमकियों से अभिभावक और स्कूल प्रशासन परेशान हैं, जबकि पुलिस लगातार इन मामलों की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।