ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 में कूड़ा उठाने के नाम पर वसूली का आरोप, RWA और निवासियों ने जताया विरोध

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (24/06/2026): ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में कूड़ा संग्रहण के नाम पर निवासियों से कथित रूप से पैसे वसूले जाने का मामला सामने आया है। सेक्टरवासियों का आरोप है कि कुछ कूड़ा संग्रहण कर्मी घर-घर जाकर धनराशि की मांग कर रहे हैं और भुगतान न करने पर कूड़ा न उठाने की चेतावनी दे रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर सेक्टर के निवासियों तथा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने नाराजगी व्यक्त की है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी एवं अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि यदि कूड़ा संग्रहण के लिए किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित किया जाना है तो पहले संबंधित प्राधिकरण, एजेंसी और आरडब्ल्यूए के बीच समन्वय होना चाहिए। बिना किसी आधिकारिक सूचना या आदेश के घर-घर जाकर पैसे मांगना उचित नहीं है।

निवासियों का आरोप है कि कई बार घरों में पुरुष सदस्य मौजूद न होने पर महिलाओं पर भी भुगतान के लिए दबाव बनाया जाता है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उनका कहना है कि कूड़ा उठाने की व्यवस्था पहले से ही प्राधिकरण के माध्यम से संचालित है। यदि किसी अतिरिक्त शुल्क का प्रावधान किया गया है तो उसकी जानकारी आधिकारिक रूप से सार्वजनिक की जानी चाहिए।

सेक्टरवासियों ने स्पष्ट कहा कि वे बिना किसी वैधानिक आदेश के किसी प्रकार का भुगतान नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने मांग की कि इस मामले में प्राधिकरण, संबंधित एजेंसी और आरडब्ल्यूए मिलकर स्पष्ट नीति तैयार करें, ताकि भविष्य में इस प्रकार के विवाद उत्पन्न न हों। निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी महिला, बुजुर्ग या अन्य निवासी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया अथवा जबरन वसूली का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ उचित मंच पर शिकायत दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

इस अवसर पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी, कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी, उपाध्यक्ष राजबीर सिंह, सचिव ओम प्रकाश शर्मा, सलाहकार चौधरी जयपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में सेक्टरवासी उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।