क्या गौतमबुद्ध नगर लखनऊ जैसी त्रासदी से निपटने को तैयार है? समाजसेवियों ने जताई चिंता

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (23/06/2026): लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। शहर के समाजसेवियों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नोएडा में फायर सेफ्टी व्यवस्था को तत्काल मजबूत किया जाना चाहिए।

सेक्टर-48 स्थित बीसीडी ब्लॉक आरडब्ल्यूए के महासचिव पवन गोयल ने कहा कि लखनऊ जैसी त्रासदी दोबारा न हो, इसके लिए प्रशासन को विशेष अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नोएडा में ऐसे हजारों भवन हैं, जहां व्यावसायिक और शैक्षणिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, लेकिन वहां अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने जिम्मेदार विभागों से नियमित निरीक्षण और नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की डॉ. गरिमा श्रीवास्तव ने कहा कि बड़े हादसों के बावजूद अग्नि सुरक्षा को लेकर पर्याप्त जागरूकता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कई हाईराइज सोसाइटियों में ऊपरी मंजिलों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था प्रभावी नहीं है, फायर ब्रिगेड वाहनों के प्रवेश के लिए पर्याप्त जगह नहीं है और अग्निशमन विभाग के पास भी आधुनिक उपकरणों की कमी है। उन्होंने फायर ऑडिट को सख्ती से लागू करने और बिना ऑडिट एनओसी जारी न करने की मांग की।

ग्रेटर नोएडा निवासी मानस चौधरी ने कहा कि 1000 से अधिक आबादी वाली प्रत्येक हाउसिंग सोसाइटी के आसपास मिनी फायर स्टेशन स्थापित किए जाने चाहिए, जहां अग्निशमन वाहन और आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि ऊंची इमारतों वाली सोसाइटियों में नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट, निरीक्षण और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को और मजबूत किया जाना चाहिए।

समाजसेवियों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और आवासीय केंद्र के रूप में विकसित हो रहे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बहुमंजिला इमारतों, कॉर्पोरेट कार्यालयों, मॉल, पीजी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन और नियमित निरीक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। आपकी क्या राय है? क्या नोएडा में फायर सेफ्टी व्यवस्था पर्याप्त है, या इसमें बड़े सुधार की जरूरत है? अपनी राय टेन न्यूज़ के कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।