GIMS हड़ताल पर निदेशक Brig. R.K. Gupta बड़ा बयान! बिना परीक्षा नियमितीकरण होगा या नहीं?

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (22/06/2026): राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) में गैर-शिक्षण कर्मचारियों की जारी हड़ताल को लेकर सोमवार को संस्थान के प्रशासनिक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. राकेश कुमार गुप्ता ने स्थिति पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्थान, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद हड़ताल समाप्त नहीं हो सकी है।

डॉ. राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 15 जून से जारी हड़ताल में नर्सिंग स्टाफ, क्लर्क, तकनीशियन, हाउसकीपिंग कर्मी और अटेंडेंट सहित लगभग पूरा गैर-शिक्षण वर्ग शामिल है। इसके कारण अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं और मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और संस्थान की ओर से विभिन्न स्तरों पर छह से सात दौर की वार्ताएं की जा चुकी हैं। कर्मचारियों द्वारा उठाई गई अधिकांश मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया गया और कई मांगों को स्वीकार भी किया गया है।

निदेशक ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांग बिना किसी प्रतियोगी परीक्षा के नियमित नियुक्ति दिए जाने की है, जो संस्थान प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में नहीं आती। उन्होंने कहा, “किसी भी कर्मचारी को बिना परीक्षा के नियमित करना राज्य सरकार के स्तर पर लिया जाने वाला निर्णय है। यह विषय हमारे अधिकार क्षेत्र से बाहर है। फिर भी हम कर्मचारियों की इस मांग को दोबारा सरकार के समक्ष भेजने के लिए तैयार हैं, ताकि उस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जा सके।”

डॉ. गुप्ता ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों को नियमित भर्ती प्रक्रिया में आयु सीमा में छूट और अनुभव के आधार पर वरीयता दिए जाने पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “इन कर्मचारियों ने पिछले सात-आठ वर्षों से संस्थान में सेवाएं दी हैं। मेरा व्यक्तिगत मानना है कि इन्हें आयु सीमा में छूट और भर्ती प्रक्रिया में प्राथमिकता मिलनी चाहिए, ताकि इनके योगदान का सम्मान हो सके।”

हालांकि, उन्होंने हड़ताल के तरीके पर असहमति जताते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर बातचीत करना प्रत्येक कर्मचारी का अधिकार है, लेकिन अस्पताल की सेवाएं प्रभावित कर मरीजों को परेशानी में डालना उचित नहीं है। उन्होंने कर्मचारियों से तत्काल कार्य पर लौटने और वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की।

निदेशक ने बताया कि हड़ताल शुरू होने से पहले संस्थान में 481 मरीज भर्ती थे। इनमें 60 से अधिक मरीज आईसीयू में तथा 10 से अधिक मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। उन्होंने कहा कि GIMS में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीज इलाज के लिए आते हैं। 100 से अधिक मरीज आयुष्मान भारत योजना और गंभीर बीमारियों के अंतर्गत भर्ती थे। ऐसे मरीजों के लिए GIMS एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है, इसलिए चिकित्सा सेवाओं का बाधित होना अत्यंत चिंताजनक है।

डॉ. गुप्ता ने स्पष्ट किया कि संस्थान प्रशासन कर्मचारियों के खिलाफ किसी दंडात्मक कार्रवाई के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा, “हमने किसी कर्मचारी को सेवा से नहीं हटाया है और न ही ऐसा कोई निर्णय लिया गया है। यहां तक कि हड़ताल की अवधि के दौरान भी कर्मचारियों को वेतन देने की बात कही गई है, क्योंकि वे हमारे अपने कर्मचारी हैं और हम चाहते हैं कि बातचीत के माध्यम से समाधान निकले।”

उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्तमान में जो कर्मचारी जिस पद पर कार्यरत है, उसे उस पद से हटाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके स्थान पर नई भर्ती नहीं की जाएगी। केवल संस्थान में बढ़ते कार्यभार को देखते हुए अतिरिक्त पदों पर नियमित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्तियां की जाएंगी।

प्रेस वार्ता के अंत में ब्रिगेडियर डॉ. राकेश कुमार गुप्ता ने कर्मचारियों से भावुक अपील करते हुए आंदोलन समाप्त कर अपने कर्तव्यों पर लौटने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “कोई भी ऐसा मुद्दा नहीं है जिसका समाधान बातचीत से न निकल सके। संस्थान का दरवाजा हमेशा खुला है। हम कर्मचारियों की हर जायज मांग को सरकार तक पहुंचाने और उसके समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करने को तैयार हैं।”

GIMS प्रशासन का कहना है कि उसका सर्वोच्च उद्देश्य मरीजों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्रशासन वर्तमान परिस्थितियों को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।