आबादी भूखंड पर किसानों का बिगुल, 29 जून को लखनऊ कूच की चेतावनी

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (22/06/2026): आबादी भूखंडों के लंबित आवंटन को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से प्रभावित किसानों ने रविवार को विशाल महापंचायत आयोजित कर आंदोलन को निर्णायक चरण में ले जाने का ऐलान किया। महापंचायत में लगभग 40 गांवों के किसान तथा बड़ी संख्या में महिला किसानों ने भाग लिया। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 29 जून को ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट से लखनऊ तक पैदल मार्च निकाला जाएगा।

महापंचायत में किसानों ने कहा कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधे मुलाकात कर वर्षों से लंबित समस्याओं को उनके समक्ष रखेंगे। किसानों का आरोप है कि प्राधिकरण और प्रशासन की उदासीनता के कारण उन्हें अब तक उनका वैधानिक अधिकार नहीं मिल पाया है।

किसानों के अनुसार, करीब 30 वर्ष पहले विकास परियोजनाओं के लिए उनकी भूमि का अधिग्रहण किया गया था। उस समय प्रभावित किसानों को मुआवजे के साथ छह प्रतिशत आबादी भूखंड दिए गए थे। बाद में न्यायालय के आदेशों और प्रशासनिक निर्णयों के तहत सभी पात्र किसानों को 10 प्रतिशत आबादी भूखंड देने का प्रावधान किया गया, लेकिन बड़ी संख्या में किसान आज भी इस लाभ से वंचित हैं।

महापंचायत में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछले 26 वर्षों से किसान अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कई बार प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में प्रस्ताव पारित होने के बावजूद आबादी भूखंडों का आवंटन नहीं किया गया। किसानों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

बैठक में यह भी तय किया गया कि यदि 29 जून से पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण किसानों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर कोई ठोस और समयबद्ध निर्णय नहीं लेता है, तो हजारों किसान लखनऊ के लिए पैदल कूच करेंगे। किसानों ने स्पष्ट किया कि अपने अधिकारों की प्राप्ति तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर संघर्ष को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।