अधूरी सड़क का गड्ढा बना काल, अस्पताल मैनेजर की दर्दनाक मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (16/06/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में बरती गई कथित लापरवाही एक व्यक्ति की जान पर भारी पड़ गई। अधूरी सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से एक अस्पताल मैनेजर की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल पूरी रात मौके पर पड़ा रहा और समय पर मदद न मिलने से उसकी जान नहीं बच सकी।

पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद के एनआईटी-1 निवासी 45 वर्षीय अतुल कुमार जोशी रविवार देर रात बाइक से ग्रेटर नोएडा की ओर जा रहे थे। जब वह मंझावली पुल के आगे पहुंचे, तो निर्माणाधीन सड़क का हिस्सा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटनास्थल पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था।

हादसे में गंभीर रूप से घायल अतुल कुमार जोशी पूरी रात वहीं पड़े रहे। सोमवार सुबह राहगीरों की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें गड्ढे से बाहर निकालकर तत्काल जिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक एक आई केयर अस्पताल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह घटना एक बार फिर निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। इससे पहले भी ग्रेटर नोएडा में अधूरी सड़कों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण कई हादसे सामने आ चुके हैं। जनवरी माह में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर तत्काल सुधार के निर्देश दिए थे, लेकिन ताजा हादसे ने उन निर्देशों के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।