टीवी अभिनेत्री संचिता उगले का निधन, घर में फंदे से लटका मिला शव

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (16/06/2026): मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। टीवी अभिनेत्री संचिता उगले का शव मुंबई के नालासोपारा स्थित उनके आवास पर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। उस समय संचिता घर पर अकेली थीं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

संचिता उगले टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने कई चर्चित धारावाहिकों और फिल्मों में अभिनय कर अपनी अलग पहचान बनाई थी। दर्शकों ने उन्हें ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे लोकप्रिय टीवी शो में काफी पसंद किया था। हाल ही में वह फिल्म ‘छावा’ में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती नजर आई थीं।

जांच के दौरान घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अभिनेत्री संचिता उगले के निधन की खबर सामने आने के बाद टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके प्रशंसक और सहकर्मी सोशल मीडिया के माध्यम से दुख व्यक्त कर रहे हैं तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।