देहरादून में सजी शास्त्रीय संगीत की सुरमयी महफिल, ‘साधना’ कार्यक्रम ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (15/06/2026): भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्रुति फाउंडेशन द्वारा रविवार को देहरादून स्थित ओएनजीसी ऑफिसर्स क्लब में ‘साधना’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। ‘बैठक सीरीज’ के अंतर्गत आयोजित इस सांगीतिक संध्या में युवा प्रतिभाओं और प्रतिष्ठित कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय संगीत परंपरा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मा और परमात्मा के बीच संवाद स्थापित करने वाली एक आध्यात्मिक साधना है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण में शास्त्रीय संगीत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सांगीतिक कार्यक्रम की शुरुआत ‘साधना शिविर’ के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत तबला युगल से हुई। इसके बाद युवा कलाकारों ने हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की समूह प्रस्तुति और तबला समूह वादन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास से परिपूर्ण इन प्रस्तुतियों ने गुरु-शिष्य परंपरा की जीवंत झलक पेश की और श्रोताओं की खूब सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम के अगले चरण में दिल्ली-एनसीआर के प्रतिष्ठित संगीत समूह ‘सर्वत्र’ ने अपनी विशेष प्रस्तुति ‘कहत कबीर’ प्रस्तुत की। इस प्रस्तुति में संत कबीर की अमर वाणी को संगीतबद्ध कर श्रोताओं के समक्ष भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया गया। गुरु पंडित मिथिलेश कुमार झा के मार्गदर्शन में हिमांशु मिश्रा के नेतृत्व वाली टीम ने अपनी सशक्त प्रस्तुति से कबीर के विचारों और दर्शन को सुरों के माध्यम से जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के इस हिस्से को दर्शकों ने विशेष रूप से सराहा।

सांगीतिक संध्या का मुख्य आकर्षण हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की विशेष प्रस्तुति रही, जिसमें सुप्रसिद्ध गायक डॉ. अविनाश कुमार ने अपने मधुर और साधनापूर्ण गायन से श्रोताओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराइयों से परिचित कराया। उनके साथ तबले पर अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कलाकार पंडित मिथिलेश कुमार झा और हारमोनियम पर उस्ताद जाकिर धोलपुरी ने संगत की। तीनों कलाकारों के बीच सुर, लय और ताल का अद्भुत सामंजस्य देखने को मिला, जिसने कार्यक्रम को एक यादगार ऊंचाई प्रदान की। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा सभागार संगीत की मधुर तरंगों में डूबा नजर आया।

श्रुति फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि ‘साधना शिविर’ का यह नौवां संस्करण कई मायनों में विशेष रहा। पहली बार शिविर में तबला प्रशिक्षण के साथ-साथ हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन को भी शामिल किया गया, जिससे प्रतिभागियों को संगीत की विविध विधाओं को सीखने और समझने का अवसर मिला।उन्होंने बताया कि इससे पूर्व ‘साधना शिविर’ का आयोजन हरिद्वार, ऋषिकेश, रांची, खज्जियार और देहरादून सहित विभिन्न शहरों में सफलतापूर्वक किया जा चुका है तथा यह पहल लगातार युवा प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम का संचालन पिकाशा पाण्डेय ने प्रभावशाली ढंग से किया। समापन अवसर पर पंडित मिथिलेश कुमार झा ने सभी कलाकारों, अतिथियों, श्रोताओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में उपस्थित संगीत प्रेमियों ने कार्यक्रम का आनंद लिया और पूरा वातावरण देर तक भारतीय शास्त्रीय संगीत के सुरों से गुंजायमान रहा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।