वैदिक मंत्रों के बीच गूंजा विकास का शंखनाद, धीरेंद्र सिंह ने किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शुभारंभ

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (11/06/2026): जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन की दिशा में गुरुवार को एक अहम पड़ाव पार किया गया। एयरपोर्ट परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ औपचारिक शुभारंभ किया गया। टर्मिनल फोरकोर्ट एरिया में आयोजित इस कार्यक्रम में एयरपोर्ट प्रबंधन, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया तथा परियोजना की सफलता और प्रदेश की उन्नति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर जानकारी दी गई कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवाएं 15 जून 2026 से शुरू की जाएंगी। एयरपोर्ट के शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापार, निवेश, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नया विस्तार मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के बाद जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने चेक-इन काउंटर, इमिग्रेशन सुविधा, सुरक्षा जांच व्यवस्था, कस्टम विभाग, बैगेज सेवा केंद्र, मेडिकल एवं आपातकालीन सुविधाओं सहित विभिन्न यात्री सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश के विकास का नया प्रतीक बनेगा। उनका कहना था कि यह परियोजना न केवल क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जेवर क्षेत्र को वैश्विक पहचान मिलने की बात भी कही।

कार्यक्रम में नोडल अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया, वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ, सीईओ नीतू समरा, सीओओ किरण जैन और ओआरएटी हेड जान विक्की सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं और 15 जून से यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ हवाई सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।