सेक्टर 16, 17 और 18 की झुग्गी बस्तियों में अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (11/06/2026): सेक्टर 16, 17 और 18 की झुग्गी बस्तियों में कथित रूप से संचालित अवैध गतिविधियों के खिलाफ स्थानीय महिलाओं और नागरिकों ने आवाज बुलंद करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसी क्रम में दीदी की रसोई ट्रस्ट की अध्यक्ष रितु सिन्हा और श्रमिक नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-6 स्थित कार्यालय में सहायक पुलिस आयुक्त प्रथम प्रदीप कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
शिव नगरी, सेक्टर-17 स्थित मजदूर बस्ती से पहुंचे दर्जनों महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर, गौतमबुद्ध नगर के नाम संबोधित ज्ञापन एसीपी को सौंपते हुए क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सेक्टर 16, 17 एवं 18 की झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों में लंबे समय से गांजा, अवैध शराब, सट्टेबाजी समेत कई गैरकानूनी गतिविधियां खुलेआम संचालित हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गतिविधियों के कारण क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है और विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
रितु सिन्हा ने कहा कि उनकी संस्था पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद और वंचित वर्ग के लोगों के लिए शिक्षा, भोजन और सामाजिक उत्थान से जुड़े कार्य कर रही है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और अवैध गतिविधियां युवाओं को गलत दिशा में धकेल रही हैं, जिससे समाज के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी दावा किया कि इस संबंध में स्थानीय थाना और चौकी स्तर पर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी और स्थायी कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद अवैध गतिविधियों का संचालन जारी है, जिससे स्थानीय निवासियों में असुरक्षा और निराशा की भावना बढ़ रही है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सेक्टर 16, 17 एवं 18 की झुग्गी बस्तियों में चल रही अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मामले पर सहायक पुलिस आयुक्त प्रदीप कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। रितु सिन्हा ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी तथा गरीब परिवारों, महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण तैयार हो सकेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।