जीएसटी विसंगति से पैकेजिंग उद्योग बेहाल, IEA ने सांसद महेश शर्मा से लगाई गुहार
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (08/06/2026): पैकेजिंग उद्योग, विशेषकर कॉरुगेटेड बॉक्स निर्माताओं के सामने उत्पन्न जीएसटी संबंधी समस्याओं को लेकर इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA) का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग पर पड़ रहे वित्तीय दबाव और कार्यशील पूंजी संकट का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।
आईईए ने सांसद को बताया कि कॉरुगेटेड बॉक्स निर्माण में उपयोग होने वाले कच्चे माल और अन्य इनपुट पर 18 प्रतिशत जीएसटी देय है, जबकि तैयार उत्पाद पर केवल 5 प्रतिशत जीएसटी लागू है। इस इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर के कारण उद्योगों का लगभग 13 प्रतिशत इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) सरकारी विभागों के पास फंसा रहता है, जिससे विशेष रूप से एमएसएमई इकाइयों को गंभीर नकदी संकट का सामना करना पड़ रहा है।
आईईए अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि आईटीसी रिफंड की प्रक्रिया जटिल और समय लेने वाली है, जिसके चलते उद्योगों की बड़ी राशि लंबे समय तक अटकी रहती है। इससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की वित्तीय स्थिति प्रभावित हो रही है और उनके संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद डॉ. महेश शर्मा से इस मुद्दे को केंद्रीय वित्त मंत्री के समक्ष उठाने तथा उद्योग प्रतिनिधियों और वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित कराने में सहयोग की मांग की। उनका कहना था कि उद्योग की वास्तविक चुनौतियों को सीधे सरकार तक पहुंचाना आवश्यक है।

आईईए ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कई एमएसएमई इकाइयों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो सकता है, जिसका असर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों पर भी पड़ेगा। एसोसिएशन ने मांग की कि पैकेजिंग उद्योग में इनपुट और आउटपुट दोनों पर जीएसटी की समान दर लागू की जाए, जिससे इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर समाप्त हो और उद्योगों की कार्यशील पूंजी अनावश्यक रूप से न फंसे।
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की चिंताओं को गंभीरता से सुनते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री को पत्र लिखने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान के लिए वह संबंधित स्तर पर आवश्यक प्रयास करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में आईईए अध्यक्ष संजीव शर्मा, पूर्व अध्यक्ष पी.के. तिवारी, उपाध्यक्ष सुशील शर्मा, सेक्टर सचिव महिपाल सिंह तथा एम.पी. शुक्ला शामिल रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।