National News (08/06/2026): हरियाणवी लोक संगीत और रागनी जगत के लोकप्रिय कलाकार पेप्सी शर्मा का रविवार को निधन हो गया। सीने में अचानक तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से हरियाणवी संगीत जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे पत्नी, 10 वर्षीय बेटी और 7 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं।
पेप्सी शर्मा का वास्तविक नाम यशपाल शर्मा था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के पतला गांव के निवासी थे। अपनी दमदार गायकी और प्रभावशाली मंचीय प्रस्तुतियों के दम पर उन्होंने हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विशेष पहचान बनाई थी। रागनी कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहती थी। उनकी सशक्त आवाज के साथ-साथ उनका हास्यपूर्ण अंदाज भी लोगों को खूब पसंद आता था।
हरियाणवी मंचों पर उनकी जोड़ी कई प्रसिद्ध कलाकारों के साथ देखने को मिली। विशेष रूप से सपना चौधरी के साथ उनके कार्यक्रमों ने उन्हें व्यापक लोकप्रियता दिलाई। उनका चर्चित नागिन डांस वीडियो भी दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया था। सोशल मीडिया और यूट्यूब पर उनके कई वीडियो करोड़ों बार देखे गए हैं।
पेप्सी शर्मा ने केवल स्टेज कार्यक्रमों तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि टेलीविजन के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी लोकप्रिय रागनियों में ‘पतला दुपट्टा तेरा मुंह दिख्यै’, ‘खटक गया सूट तेरा काला’ और ‘सपना सपने में आ गई’ जैसी प्रस्तुतियां शामिल हैं, जिन्हें श्रोताओं का भरपूर प्यार मिला। महाभारत, राजा हरिश्चंद्र, नल-दमयंती और भक्त ध्रुव जैसी लोक एवं पौराणिक कथाओं पर आधारित उनकी प्रस्तुतियां भी काफी सराही गईं।
परिजनों के अनुसार, यशपाल शर्मा ने करीब दो दशक पहले परिवार को बताए बिना गायन की दुनिया में कदम रखा था। बाद में टेलीविजन कार्यक्रमों के माध्यम से परिवार को उनकी सफलता की जानकारी मिली। छह भाइयों में सबसे छोटे पेप्सी शर्मा ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण के बल पर हरियाणवी लोक संस्कृति और रागनी परंपरा को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन पर कलाकारों, प्रशंसकों और सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।