IBA ने ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों को किया सम्मानित, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (4 फरवरी 2025): इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय की अध्यक्षता में आज एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य और उद्यमियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रविकुमार एन.जी. का सम्मान किया। इस अवसर पर उन्हें शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की गई। इसके अलावा, आईबीए की ओर से उन्हें एक मोमेंटो देकर औद्योगिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।

अधिकारियों को किया गया सम्मानित, उद्यमियों की समस्याओं पर हुई चर्चा

सम्मान समारोह के दौरान अथॉरिटी के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सौम्य श्रीवास्तव और ओएसडी नवीन सिंह को भी शॉल और पुष्पगुच्छ अर्पित कर उनके सहयोग और कार्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। आईबीए की कार्यकारिणी ने उन्हें भी मोमेंटो भेंट कर उनके प्रयासों की सराहना की।

इस मौके पर एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित कर्मचारियों को समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उनकी कार्यशैली की सराहना करते हुए आईबीए ने उन्हें उनके सौम्य व्यवहार और सहयोगी दृष्टिकोण के लिए धन्यवाद दिया।

औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर हुआ मंथन

बैठक के दौरान ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें सफाई व्यवस्था, लीज रेंट, कार्यशीलता, कम्पलीशन सर्टिफिकेट, पानी की आपूर्ति और अन्य प्रमुख मुद्दे शामिल रहे। अधिकारियों ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निवारण शीघ्रता और प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण बैठक में आईबीए के महासचिव सुनील दत्त, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, उपाध्यक्ष सुधीर त्यागी, कार्यकारिणी सदस्य एस.के. शर्मा, मुकेश कुमार, पूरन सिंह, संजय पांचाल, सचिन जैन, श्रीमती सचिन जैन, मृदुल जैन सहित कई उद्यमी उपस्थित रहे।

7 फरवरी को होगा विशेष कार्यक्रम, उद्यमी रख सकेंगे अपनी समस्याएं

आईबीए ने घोषणा की कि 7 फरवरी, शुक्रवार को उद्योग केंद्र-2, इकोटेक-3 में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारी और उद्यमी एक मंच पर आकर समाधान तलाशने के लिए संवाद करेंगे। आईबीए ने सभी उद्यमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखने की अपील की।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।