बांजरपुर के पास दर्दनाक सड़क हादसा: ऑटो पलटने से चालक की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (02/06/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की जान चली गई। हादसा बांजरपुर गांव के समीप उस समय हुआ जब एक ऑटो सड़क किनारे खड़े एक वाहन से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 38 वर्षीय बुधराम के रूप में हुई है, जो कासना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव के निवासी थे। परिवार की आजीविका का मुख्य साधन ऑटो चलाना था और वह इसी काम से अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। सोमवार को वह ककोड़ क्षेत्र से सवारी छोड़कर अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बांजरपुर गांव के निकट उनका ऑटो सड़क किनारे खड़े एक वाहन से जा टकराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद बुधराम वाहन के नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बुधराम को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर दुख जताते हुए सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े किए जाने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और यदि जांच में किसी व्यक्ति की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चौहान ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक प्राप्त तथ्यों के आधार पर जांच जारी है। परिजनों या अन्य पक्षों से शिकायत मिलने पर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।