गोपाल हत्याकांड पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह का बड़ा संदेश, क्या बोले?

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (02/06/2026): जेवर थाना क्षेत्र के बनवारीपुर गांव में 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने सात दिन बाद सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हुक्का पीने को लेकर हुए विवाद और पुरानी रंजिश के चलते किशोर की हत्या की गई थी। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गोपाल आरोपियों के साथ हुक्का पीता था। कुछ दिन पहले उसकी दादी ने आरोपियों को इस बात पर फटकार लगाई थी, जिससे वे नाराज थे। 21 मई को गोपाल को बुलाकर आरोपियों ने पहले उसे अधिक तंबाकू वाला हुक्का पिलाया और फिर एक खाली मकान में ले जाकर उसका सिर दीवार पर दे मारा। गंभीर चोट लगने के बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए, जिससे उसकी मौत हो गई।

इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नरेश, मोहित और उमेश को गिरफ्तार किया है। वहीं ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्र ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही कुकर्म, अंग काटने और तेजाब डालने जैसी अफवाहों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के अनुसार मौत सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण हुई।

घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र सिंह लगातार मामले की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और पूरे घटनाक्रम से प्रदेश सरकार को अवगत कराया। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

धीरेंद्र सिंह ने कहा, गोपाल की मौत केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि पूरे जेवर क्षेत्र की पीड़ा है। मैं स्वयं परिवार से मिला हूं और उनकी वेदना को महसूस किया है। प्रदेश सरकार इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

विधायक ने कहा कि, न्याय की लड़ाई में जाति, बिरादरी या सामाजिक पहचान का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराधी केवल अपराधी होता है और उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, मैं क्षेत्र का विधायक हूं और हर वर्ग, हर समाज और हर परिवार का प्रतिनिधि हूं। मेरा दायित्व किसी एक बिरादरी तक सीमित नहीं है। जिसने भी इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया है, उसे कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। न्याय के रास्ते में किसी भी प्रकार का पक्षपात स्वीकार नहीं किया जाएगा। धीरेंद्र सिंह ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ तत्व इस दुखद घटना के बहाने क्षेत्र का सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जेवर की पहचान हमेशा भाईचारे, आपसी विश्वास और विकास की रही है।

उन्होंने कहा, जेवर की मिट्टी ने हमेशा सामाजिक समरसता और आपसी सम्मान की मिसाल पेश की है। कुछ लोग इस घटना को लेकर समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हमें ऐसे प्रयासों से सतर्क रहना होगा। न्याय की लड़ाई कानून और संविधान के दायरे में रहकर ही लड़ी जानी चाहिए।

अपने संदेश के अंत में विधायक ने कहा कि, बनवारीपुर उनका अपना गांव और क्षेत्र है, इसलिए यह घटना उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी झकझोरने वाली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन और प्रशासन स्तर पर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा, यह घटना मेरे लिए केवल एक जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि इस क्षेत्र के बेटे के रूप में भी बेहद पीड़ादायक है। मैं पीड़ित परिवार को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी लड़ाई में मैं पूरी मजबूती से साथ खड़ा हूं। सरकार, प्रशासन और समाज—सभी की जिम्मेदारी है कि गोपाल को न्याय मिले और भविष्य में किसी परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े। दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए मैं हर स्तर पर प्रयासरत हूं।

गौरतलब है कि गोपाल हत्याकांड ने पूरे जेवर क्षेत्र को झकझोर दिया है। इस मामले में जहां आरोपी और पीड़ित अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि से आते हैं, वहीं क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध को जातीय चश्मे से नहीं बल्कि कानून और न्याय के दायरे में देखा जाना चाहिए। स्वयं उसी क्षेत्र और समुदाय से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने आरोपियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी का विरोध करते हुए पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने की बात कही है। विधायक ने सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि कानून के सामने सभी बराबर हैं और अपराधियों को उनके किए की सख्त सजा मिलनी ही चाहिए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।