मुख्य सचिव ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों की समीक्षा की, आयोजन को और अधिक भव्य बनाने के निर्देश

टेन न्यूज़ नेटवर्क

लखनऊ, 1 जून 2026: उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 के चौथे संस्करण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित आयोजन के मास्टर प्लान एवं लेआउट का अवलोकन करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश का एक प्रतिष्ठित और महत्वाकांक्षी आयोजन है, जिसे इस वर्ष पहले से अधिक भव्य, आकर्षक और नवाचार आधारित स्वरूप में आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास, पारंपरिक कलाओं, जनजातीय संस्कृति, लोक कला और लोक परंपराओं का प्रभावी प्रदर्शन किया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले आगंतुक प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता से परिचित हो सकें।

उन्होंने “वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन (ODOC)” पहल के अंतर्गत प्रदेश के विशिष्ट, ऐतिहासिक एवं पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल स्थापित करने के निर्देश भी दिए, जिससे उत्तर प्रदेश की पाक विरासत को वैश्विक पहचान मिल सके।

व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर

मुख्य सचिव ने आयोजन की व्यापक ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री पोर्टल एवं सभी जिला उद्योग केंद्र (DIC) पोर्टलों पर तत्काल ट्रेड शो के प्रचार बैनर लगाए जाएं। साथ ही देश के प्रमुख शहरों और एयरपोर्ट्स पर आयोजन से दो माह पूर्व होर्डिंग्स स्थापित किए जाएं।

मुंबई, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ सहित प्रमुख शहरों तथा उत्तर प्रदेश मेट्रो नेटवर्क में भी बड़े पैमाने पर ब्रांडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा समाचार पत्रों, रेडियो, डिजिटल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर बल दिया गया।

ग्रेटर नोएडा में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश

बैठक में ग्रेटर नोएडा शहर के सौंदर्यीकरण, अप्रोच रोड की मरम्मत, पार्किंग प्रबंधन तथा सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, डेयरी, उद्योग, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में नवाचार आधारित प्रदर्शनों को शामिल करने पर विशेष जोर दिया।

25 से 29 सितंबर 2026 तक होगा आयोजन

बैठक में बताया गया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा।

इस वर्ष ट्रेड शो की थीम “UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing & Exports” निर्धारित की गई है।

आयोजन की प्रमुख उप-थीमों में:

•⁠ ⁠Make in UP
•⁠ ⁠Export from UP
•⁠ ⁠ODOP to Global Markets
•⁠ ⁠MSME & Startup Empowerment
•⁠ ⁠Sustainable Manufacturing
•⁠ ⁠Digital Trade & E-Commerce
•⁠ ⁠Investment & Logistics Hub

शामिल हैं।

80 देशों के खरीदारों को आकर्षित करने का लक्ष्य

इस वर्ष ट्रेड शो में 80 से अधिक देशों के लगभग 550 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों (Foreign Buyers) तथा 45,000 से अधिक बी2बी खरीदारों को आकर्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

आयोजन के माध्यम से लगभग ₹5,000 करोड़ की बिजनेस इन्क्वायरी, ₹20,000 करोड़ की संभावित व्यावसायिक गतिविधियों तथा 5,000 से अधिक एमओयू (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की संभावना व्यक्त की गई।

बैठक में इंडिया एक्सपो मार्ट के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार, एमएसएमई विभाग, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।