वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन का जिलास्तरीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (01/06/2026): वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन ने गौतमबुद्ध नगर जिले का जिलास्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आशियाना ऑर्किड सोसायटी, सेक्टर गामा-2 के क्लब हाउस में आयोजित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक संस्कारों के साथ भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सहमंत्री एवं संगठन प्रभारी वीरेंद्र का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

अपने प्रेरक उद्बोधन में केंद्रीय सहमंत्री एवं संगठन प्रभारी वीरेंद्र ने कहा कि प्रतिभा विकास केंद्रों के आचार्यों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को एक जागरूक और संस्कारित सनातनी हिंदू बनने का प्रयास करना चाहिए। परिवार में परिजनों के साथ स्नेह, समर्पण और आध्यात्मिक विषयों पर संवाद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संतानों के व्यक्तित्व विकास के लिए परिवारों को समग्र चिंतन और सतत मार्गदर्शन पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पहले संयुक्त परिवारों की परंपरा अधिक मजबूत थी, जिसके कारण सामाजिक समस्याएं अपेक्षाकृत कम दिखाई देती थीं। वर्तमान समय में परिवारों के विघटन के कारण सामाजिक चुनौतियां बढ़ रही हैं और वृद्धाश्रमों की संख्या में भी वृद्धि देखने को मिल रही है। यह हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के क्षरण का संकेत है।

केंद्रीय सहमंत्री एवं संगठन प्रभारी वीरेंद्र ने कहा कि मानवता, सेवा, संस्कार और नैतिक मूल्यों को अपनाने से सनातन संस्कृति और अधिक सशक्त होगी तथा मजबूत परिवारों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने स्वस्थ शरीर, संयमित मन, जागृत बुद्धि और पवित्र आत्मा को मानव जीवन के महत्वपूर्ण आधार बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि समाजहित में कार्य करने वाली सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाएं, मंदिर और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले संगठन दान के योग्य हैं तथा दान करते समय व्यक्ति को विवेक और समझदारी का परिचय देना चाहिए।

बैठक में आगामी सितंबर माह से प्रस्तावित “राष्ट्र रक्षा यज्ञ” की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही जिले के पांच नगरों में नगर समितियों के गठन तथा नए प्रतिभा विकास केंद्र प्रारंभ करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र एवं समस्त समाज के कल्याण के लिए आयोजित हवन-यज्ञ के साथ हुआ।

प्रशिक्षण वर्ग में राजेश दत्ता, मयूर कालरा, वीरेंद्र सिंह, प्रो. विवेक कुमार, पवन अग्रवाल, किसलय, संदीप गोयल, डॉ. नीरज कौशिक, डॉ. निधि माहेश्वरी, जितेंद्र सिंह, भोला ठाकुर, अमित शर्मा, ब्रजेश, पंकज शर्मा, भरत सिंह, शैलजा, ज्योति सिंह, सरोज सिंह, राकेश बैसोया, निर्मल, राजीव रंजन, सविता, भारती, प्रवेश, संदीप, माया कर्ण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।