Ghaziabad News (01/06/2026): देश में अनुशासन, चरित्र निर्माण और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने अपने सदस्यों से समाज में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि प्रत्येक सदस्य को “प्रशिक्षण एम्बेसडर” के रूप में कार्य करते हुए युवाओं में राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की भावना विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सैनिक प्रशिक्षण केवल सेना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को बेहतर नागरिक देने का भी प्रभावी माध्यम है।
उत्तराखंड निवास, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्नल त्यागी ने कहा कि अग्निवीर योजना का मूल उद्देश्य भी युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण देकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि चार वर्षों का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद बड़ी संख्या में अग्निवीर जब नागरिक जीवन में लौटेंगे, तो वे अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी जैसे गुणों को समाज में आगे बढ़ाएंगे। इससे सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय प्रशासनिक संरक्षक एवं उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने संगठन के सदस्यों को तत्काल प्रभाव से जनजागरूकता अभियान शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को संविधान के अनुच्छेद 51(ए) में वर्णित 11 मूल कर्तव्यों की जानकारी दी जानी चाहिए ताकि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूकता बढ़ सके।
उन्होंने सार्वजनिक संपत्ति को राष्ट्रीय धरोहर बताते हुए कहा कि इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और किसी भी परिस्थिति में इसे नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। साथ ही उन्होंने संस्था से शिक्षित और जागरूक वर्ग को बड़े स्तर पर जोड़ने की अपील करते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन के लिए ऐसे लोगों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर कर्नल मुकेश त्यागी, गौरव सेनानी ज्ञान सिंह, चंदन सिंह, गणेश दत्त, सहदेव तोमर, लेफ्टिनेंट वेद प्रकाश शर्मा, एडवोकेट अंशु त्यागी, डॉ. मधु सिंह, मोनिका गोयल तथा संध्या त्यागी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में देश को सबसे अधिक आवश्यकता चरित्र निर्माण की है और इसकी शुरुआत अनुशासन से होती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सैनिक संस्था के सदस्य विभिन्न विद्यालयों में प्रारंभिक सैनिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में इस बात पर व्यापक सहमति व्यक्त की गई कि यदि युवाओं को प्रारंभिक स्तर पर अनुशासन, कर्तव्यबोध और राष्ट्रहित की भावना से जोड़ा जाए तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने आने वाले समय में संविधानिक कर्तव्यों, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और चरित्र निर्माण जैसे विषयों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प भी दोहराया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।