Greater NOIDA WEST | ग्रीनआर्च सोसाइटी में बिजली चोरी और अवैध वसूली

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (28/05/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ग्रीनआर्च सोसाइटी एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। इस बार मामला बिजली चोरी, अवैध बिजली वितरण और निवासियों से कथित गैरकानूनी वसूली से जुड़ा है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (NPCL) की विजिलेंस टीम ने सोसाइटी परिसर में औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ।

सूत्रों के अनुसार, जांच टीम ने सोसाइटी के बेसमेंट और कॉमन एरिया की बारीकी से जांच की। इस दौरान वहां पांच अवैध सब-मीटर संचालित पाए गए। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन मीटरों के जरिए बिना अधिकृत अनुमति के बिजली आपूर्ति की जा रही थी। इसके अलावा परिसर में दो अवैध इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग पॉइंट भी संचालित पाए गए, जहां एक साथ कई वाहनों को चार्ज किया जा रहा था।

जांच के दौरान एक बड़ा खुलासा यह भी हुआ कि परिसर में स्थित मदर डेयरी की दुकान को भी कथित तौर पर अनधिकृत सब-मीटर के माध्यम से बिजली आपूर्ति दी जा रही थी। विजिलेंस अधिकारियों ने मौके से कई तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं और पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ लोगों द्वारा टीम की कार्रवाई में व्यवधान डालने का प्रयास भी किया गया। आरोप है कि ग्रीनआर्च AOA के कुछ पदाधिकारियों ने निरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की, जिससे अधिकारियों को जांच करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

सोसाइटी के कई निवासियों ने दावा किया कि वे लंबे समय से बिजली चोरी, अतिरिक्त शुल्क वसूली और संदिग्ध बिजली प्रबंधन को लेकर शिकायतें करते आ रहे थे। उनका आरोप है कि AOA को बार-बार शिकायत देने के बावजूद न तो कोई पारदर्शी जवाब दिया गया और न ही समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम उठाया गया।

निवासियों का कहना है कि आंतरिक स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद उन्होंने सीधे बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, जिसके आधार पर NPCL विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। कई निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि सोसाइटी प्रबंधन ने कथित अनियमितताओं पर पर्दा डालने का प्रयास किया और शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया।

मामले को लेकर टेन न्यूज नेटवर्क की टीम ने NPCL अधिकारियों से संपर्क कर आधिकारिक पक्ष जानने का प्रयास किया, हालांकि खबर लिखे जाने तक विभाग की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। NPCL का आधिकारिक बयान मिलते ही समाचार को अपडेट किया जाएगा।

वहीं, ग्रीनआर्च AOA ने टेन न्यूज नेटवर्क से टेलीफोनिक बातचीत में बताया कि सोसाइटी में फरवरी 2026 में NPCL मल्टीपॉइंट सिस्टम लागू किया गया था। उस समय VCAM जैसे महत्वपूर्ण विषय पर पर्याप्त स्पष्टता और विस्तृत योजना तैयार नहीं की जा सकी थी। वर्तमान AOA टीम लगातार VCAM से जुड़े मुद्दों पर कार्य कर रही है और समाधान की दिशा में प्रक्रिया जारी है।

AOA ने बताया कि इसी क्रम में NPCL टीम द्वारा साइट सर्वे भी किया गया। AOA टीम NPCL अधिकारियों के साथ मिलकर कॉमन एरिया और VCAM से संबंधित विषयों पर व्यावहारिक और उपयुक्त समाधान निकालने का प्रयास कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही इस संबंध में स्पष्ट समाधान साझा किया जाएगा।

AOA ने यह भी स्पष्ट किया कि बिजली चोरी जैसी किसी भी घटना की पुष्टि अब तक NPCL द्वारा नहीं की गई है। फिलहाल NPCL द्वारा तकनीकी और वित्तीय स्तर पर जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


 

टिप्पणियाँ बंद हैं।