गौतमबुद्ध नगर में आंधी-तूफान और वज्रपात को लेकर प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (28/05/2026): मौसम विज्ञान विभाग, भारत सरकार द्वारा जारी दैनिक पूर्वानुमान एवं मौसम अलर्ट के दृष्टिगत अपर जिलाधिकारी (वि/रा) के निर्देशों के क्रम में जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने जनसामान्य से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से 31 मई 2026 तक प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में व्यापक परिवर्तन होने की संभावना है। इस अवधि में तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है तथा राज्य के अनेक क्षेत्रों में तेज आंधी, तूफान, ओलावृष्टि एवं व्यापक वर्षा होने के आसार हैं।
उन्होंने आगे बताया कि विशेष रूप से 29 मई 2026 को मौसम का प्रभाव सर्वाधिक रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा झोंकों की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए जनहानि, पशुहानि एवं संपत्ति क्षति से बचाव के लिए सभी आवश्यक सावधानियां अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
जिला आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि जनपद गौतमबुद्ध नगर ऑरेंज ज़ोन में है। इसलिए मौसम के पूर्वानुमान हेतु भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा विकसित “दामिनी ऐप” एवं “सचेत ऐप” को अपने मोबाइल में अवश्य डाउनलोड करें, जिससे आंधी, तूफान, आकाशीय बिजली एवं वज्रपात की पूर्व सूचना समय पर प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि समय रहते चेतावनी मिलने पर लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।
उन्होंने बताया कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे, मोबाइल टावरों तथा ऊंचे भवनों के पास शरण न लें। बच्चों को खुले में न खेलने दें तथा लोहे की खिड़कियों, दरवाजों, हैंडपंप एवं बिजली के उपकरणों को न छुएं। धातु से बने छाते का प्रयोग न करें तथा खुले वाहनों में यात्रा करने से बचें। वज्रपात के समय जमीन पर न लेटें तथा तालाब, नदी या तैराकी जैसी गतिविधियों से दूर रहें।
उन्होंने यह भी बताया कि मौसम खराब होने पर तुरंत किसी पक्के भवन में शरण लें। यदि आसपास सुरक्षित स्थान उपलब्ध न हो तो दोनों कान बंद कर पैरों को सटाकर घुटनों के बल उकड़ू बैठ जाएं। घरों में विद्युत उपकरणों को प्लग से अलग कर दें तथा खेतों में कार्य कर रहे लोग तुरंत सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर चले जाएं। हाईटेंशन तारों, बिजली के खंभों, पोखरों एवं कंटीले तारों से दूर रहें।
जिला आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि “दामिनी ऐप” लगभग 20 से 40 किलोमीटर क्षेत्र में संभावित लाइटनिंग अलर्ट का नोटिफिकेशन भेजता है, जबकि “सचेत ऐप” के माध्यम से मौसम संबंधी जानकारी, विभिन्न आपदाओं की एडवाइजरी एवं अलर्ट प्राप्त किए जा सकते हैं। जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि IMD द्वारा जारी दैनिक पूर्वानुमान एवं मौसम अलर्ट के अनुसार आवश्यक सावधानी बरतें तथा सतर्क रहकर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।