निक्की भाटी मौत प्रकरण में सुलह की राह, दोनों परिवारों के बीच बनी सहमति
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (27/05/2026): ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की भाटी मृत्यु प्रकरण में लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद अब समाप्ति की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। करीब नौ महीने से दोनों पक्षों के बीच जारी तनातनी के बाद गांव की पंचायत और समाज के वरिष्ठ लोगों की पहल पर समझौते का रास्ता निकल आया है। कई चरणों में चली बैठकों और बातचीत के बाद दोनों परिवार बच्चों के भविष्य और पारिवारिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए सहमति पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि समझौते के तहत निक्की भाटी की बहन कंचन दोबारा अपने ससुराल जाएंगी। साथ ही निक्की के बच्चों के नाम संपत्ति दर्ज कराने को लेकर भी दोनों पक्षों ने सहमति जताई है। परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि यह निर्णय बच्चों के अधिकार सुरक्षित रखने और भविष्य को स्थिर बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, समझौते के बाद निक्की पक्ष अदालत में शपथ पत्र दाखिल कर मामले को वापस लेने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर सकता है। पंचायत में दोनों परिवारों के बुजुर्गों, रिश्तेदारों और समाज के प्रमुख लोगों के बीच कई घंटे तक चर्चा हुई, जिसके बाद सहमति का यह फार्मूला तैयार किया गया।परिजनों का कहना है कि लंबे समय से चले आ रहे विवाद का असर बच्चों और परिवार की सामाजिक स्थिति पर पड़ रहा था। इसी वजह से पंचायत ने बीच का रास्ता निकालने का प्रयास किया, जिसे दोनों पक्षों ने स्वीकार कर लिया।
यह मामला 21 अगस्त 2025 को उस समय सुर्खियों में आया था, जब ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में निक्की भाटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने निक्की के पति विपिन भाटी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। इसके अलावा सास, ससुर और जेठ को भी हिरासत में लिया गया था। हालांकि बाद में परिवार के कुछ सदस्य जमानत पर रिहा हो गए, लेकिन विपिन भाटी अभी भी जेल में बंद बताया जा रहा है।
घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था और गांव में भी यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। अब पंचायत की मध्यस्थता के बाद रिश्तों में आई नरमी को विवाद समाप्त होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए लिया गया यह फैसला दोनों परिवारों के लिए राहत लेकर आया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।