झाड़ू-पोंछा करने वाली मां की बेटी ममता ने राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में बढ़ाया जिले का मान

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (25/05/2026): संघर्ष, मेहनत और जुनून की मिसाल बनकर उभरीं मोरना सेक्टर-35 की बेटी ममता कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर हाॅकी में शानदार प्रदर्शन कर गौतमबुद्ध नगर का नाम रोशन किया है। गौतमबुद्ध नगर हॉकी संघ से जुड़ी ममता कुमारी ने 16वीं सब जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप, रांची (झारखंड) में उत्तर प्रदेश हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया, जहां टीम ने चौथा स्थान हासिल किया।

ममता कुमारी का चयन वर्ष 2022-23 में वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में हुआ था। बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली ममता की सफलता आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनके पिता का साया बचपन में ही उठ गया था, जबकि उनकी मां घरों में झाड़ू-पोंछा कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद मां ने बेटी के सपनों को टूटने नहीं दिया और लगातार उसका हौसला बढ़ाया।

गौतमबुद्ध नगर हॉकी संघ के सहयोग और मार्गदर्शन ने ममता को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ममता के प्रारंभिक हॉकी प्रशिक्षक दिलीप कुमार का भी इस उपलब्धि में बड़ा योगदान रहा। उन्होंने ममता की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने का काम किया और लगातार प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ाया।

ममता की इस उपलब्धि पर गौतमबुद्ध नगर हॉकी संघ के महासचिव सरदार मंजीत सिंह एवं उपाध्यक्ष हरेंद्र भाटी ने ममता कुमारी, उनकी माता और प्रशिक्षक को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। ममता की यह सफलता साबित करती है कि मजबूत इरादों और मेहनत के दम पर किसी भी कठिन परिस्थिति को पार कर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।