चलती कार बनी आग का गोला, सेक्टर-63 में देर रात मचा हड़कंप

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (19/05/2026): नोएडा के सेक्टर-63 क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक चलती हुई रेनॉल्ट कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। घटना FNG फ्लाईओवर स्थित बहलोलपुर के समीप की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रात करीब 1:11 बजे की है। कार सेक्टर-63 की ओर से गुजर रही थी, तभी वाहन के बोनट से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही आग तेजी से फैल गई। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन सड़क पर चलते-चलते आग का गोला बन गया।

घटना के दौरान फ्लाईओवर पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि कोई भी कार के करीब नहीं जा सका। आग की ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग बुझने के बाद मौके पर केवल वाहन का जला हुआ ढांचा ही बचा दिखाई दिया।

जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि देर रात चलती कार में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से टीम को तत्काल रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि रेनॉल्ट कार संख्या UP15DR0145 में आग लगी थी, जिसे पूरी तरह बुझा दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि फायर विभाग और पुलिस की टीम तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना ने एक बार फिर वाहन चालकों के लिए सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय-समय पर वाहन की वायरिंग और इंजन की जांच कराना ऐसे हादसों से बचने के लिए बेहद जरूरी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।