सेक्टर-51 में बैंक्विट हॉलों की मनमानी से निवासी परेशान, RWA ने पुलिस कमिश्नर से मांगी सख्त कार्रवाई
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (25/11/2026): नोएडा के सेक्टर-51 और आसपास संचालित बैंक्विट हॉलों के कारण स्थानीय निवासियों को लगातार यातायात जाम, अवैध पार्किंग, ध्वनि प्रदूषण और अतिक्रमण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), सेक्टर-51 ने गौतम बुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर संबंधित बैंक्विट हॉलों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
RWA का आरोप है कि सेक्टर-51 में आयोजित होने वाले शादी-विवाह और अन्य समारोहों के दौरान मुख्य सड़कों के साथ-साथ सेक्टर की आंतरिक सड़कों पर भी यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। बैंक्विट हॉलों में पर्याप्त पार्किंग की सुविधा नहीं होने के कारण समारोह में आने वाले लोग अपने वाहन सड़कों, फुटपाथों और रिहायशी मकानों के गेट के सामने खड़े कर देते हैं। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में परेशानी होती है और कई बार एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं के रास्ते में भी बाधा उत्पन्न होने की आशंका रहती है।
एसोसिएशन ने देर रात तक बजने वाले DJ, लाउडस्पीकर, बैंड-बाजे और तेज संगीत को लेकर भी चिंता जताई है। RWA के मुताबिक, ध्वनि प्रदूषण के कारण बच्चों की पढ़ाई, विशेषकर परीक्षाओं के समय, प्रभावित होती है। इसके अलावा बैंक्विट हॉलों के बाहर फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण, समारोहों के बाद गंदगी तथा सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी एसोसिएशन ने चिंता व्यक्त की है।
अडिरा बैंक्विट हॉल को लेकर भी उठाए सवाल
RWA ने सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के नीचे संचालित अडिरा बैंक्विट हॉल को लेकर विशेष रूप से शिकायत दर्ज कराई है। एसोसिएशन का कहना है कि बैंक्विट हॉल के सामने और पीछे की सड़कों तथा फुटपाथों पर वाहनों की पार्किंग और अतिक्रमण के कारण सार्वजनिक आवागमन प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही भवन के विस्तार और मुख्य सड़क की ओर किए जा रहे नए निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। RWA ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण की स्वीकृति, स्वीकृत नक्शे और आवश्यक अनुमतियों की जांच कराने की मांग की है।
RWA ने रखीं ये प्रमुख मांगें
पुलिस कमिश्नर को भेजे गए पत्र में एसोसिएशन ने सेक्टर-51 और आसपास के सभी बैंक्विट हॉलों का नोएडा प्राधिकरण एवं संबंधित विभागों के साथ संयुक्त निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही अवैध पार्किंग और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की गई है।
RWA ने शादी-विवाह और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान यातायात पुलिस की पर्याप्त तैनाती, ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन और निर्धारित समय के बाद DJ एवं लाउडस्पीकर के संचालन पर रोक सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है।
इसके अतिरिक्त अडिरा बैंक्विट हॉल के मामले में DMRC और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करने, बैंक्विट हॉलों के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा स्थायी यातायात प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने का आग्रह किया गया है। एसोसिएशन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और RWA प्रतिनिधियों के बीच संयुक्त बैठक आयोजित करने की मांग भी रखी है।
RWA महासचिव संजीव कुमार ने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन किसी भी वैध व्यावसायिक गतिविधि के खिलाफ नहीं है, लेकिन व्यावसायिक आयोजनों की वजह से हजारों स्थानीय निवासियों की सुरक्षा, शांति, आवागमन और बुनियादी नागरिक सुविधाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।