तुगलपुर में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य समापन, श्रद्धा और भक्ति में सराबोर हुए श्रद्धालु
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (18/05/2026): ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का छठा एवं अंतिम दिवस धार्मिक आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कथा के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण किया और भक्ति भाव में डूबे नजर आए। कथा स्थल पर “राधे-कृष्ण” और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कथा व्यास आचार्य कौशिक महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल एवं युवा लीलाओं, गोवर्धन पूजा तथा रुक्मिणी विवाह प्रसंग का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सत्य, धर्म, प्रेम और आत्मज्ञान की ओर प्रेरित करने वाला दिव्य ग्रंथ है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की निष्कपट मुस्कान और अलौकिक लीलाओं ने संपूर्ण ब्रजभूमि को आनंद और प्रेम से भर दिया था।
गोवर्धन पूजा प्रसंग का वर्णन करते हुए आचार्य कौशिक महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अभिमान को समाप्त कर समाज को प्रकृति संरक्षण, गौसेवा और लोककल्याण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की।

कथा के दौरान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा। आचार्य कौशिक महाराज ने बताया कि रुक्मिणी भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य मान चुकी थीं, लेकिन उनके भाई रुक्मी ने उनका विवाह शिशुपाल से कराने का प्रयास किया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण रुक्मिणी का हरण कर उन्हें अपने साथ ले गए और वैदिक परंपरा के अनुसार विवाह संपन्न हुआ। इस प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर दिव्य युगल का स्वागत किया और पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
समापन समारोह एवं विशाल प्रशादी भंडारे में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा, पूर्व राज्यमंत्री पंडित सुनील भरला तथा दादरी विधायक तेजपाल नागर ने पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना जागृत करने वाला आयोजन बताया।

यह धार्मिक आयोजन स्वर्गीय पंडित सोहन लाल, पंडित फूल सिंह, स्वर्गीय रमेशचंद्र शर्मा एवं स्वर्गीय केंद्री देवी की इच्छा के अनुरूप परिवार द्वारा आयोजित कराया गया। कार्यक्रम में चतर सिंह शर्मा, किशन शर्मा, प्रकाश शर्मा, देवदत्त शर्मा, चंदर शर्मा, सुनील शर्मा, राजपाल शर्मा, भूषण शर्मा, मोहम्मद इलियास दनकौरी, भगवत प्रसाद शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।