“गुरुकुल, संस्कार और वैदिक परंपराएं ब्राह्मण समाज की आत्मा हैं”: आनंद प्रकाश ब्रह्मचारी | भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (18/05/2026): ब्राह्मण सभा उत्तर प्रदेश द्वारा रविवार को भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया, जिसमें धर्म, संस्कृति, समाजसेवा और साहित्य जगत से जुड़ी अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने सहभागिता की। समारोह वैदिक मंत्रोच्चार, सांस्कृतिक वातावरण और सनातन परंपराओं के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित सुरेश चंद्र पचौरी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. महेश शर्मा उपस्थित रहे। समारोह में दादरी विधायक तेजपाल नागर, आनंद प्रकाश ब्रह्मचारी जी, शैलेंद्र शर्मा “शालू”, पूर्व विधायक मुकुल उपाध्याय, टेन न्यूज़ नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली सहित समाजसेवा, साहित्य और ब्राह्मण समाज से जुड़ी अनेक जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।
हरिद्वार से पधारे आनंद प्रकाश ब्रह्मचारी ने अपने ओजस्वी संबोधन में वैदिक सनातन परंपरा, मनुस्मृति, वर्णाश्रम व्यवस्था और गुरुकुल शिक्षा प्रणाली के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में भी भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को जीवित रखना समाज की बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि गुरुकुल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और चरित्र निर्माण की आधारशिला हैं। समाज के सहयोग से गुरुकुल निर्माण में हुए करोड़ों रुपये के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही धर्म और संस्कृति का संरक्षण संभव है।
समारोह का संचालन एडवोकेट, कवि एवं समाजसेवी मुकेश कुमार शर्मा ने अपने अनोखे और प्रभावशाली अंदाज़ में किया। उन्होंने क्रिकेट और जीवन को जोड़ते हुए एक प्रेरणादायक काव्य पाठ प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

अपने काव्य पाठ में मुकेश शर्मा ने कहा कि इंसान “उम्र की पिच पर कर्म का बैट” लेकर जीवन का खेल खेल रहा है, जहां काम, क्रोध, ईर्ष्या और लालच जैसी चुनौतियों के बीच सही सोच और अच्छे कर्म ही व्यक्ति को सफलता दिलाते हैं। उन्होंने परिवार, गुरु और संस्कारों को जीवन की सबसे बड़ी ताकत बताया।
गीत ऋषि संतोष आनंद, कवि अमित शर्मा एवं कवयित्री दीप्ति शिखा ने भी अपने प्रेरणादायी और समाज को दिशा देने वाले काव्य पाठों से समारोह को भावपूर्ण बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने सामाजिक एकता, संस्कार, धर्म और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने पर बल दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी, साहित्यकार और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह के सफल आयोजन में एडवोकेट देवी शरण शर्मा, ममता तिवारी, जी.पी. गोस्वामी एवं डॉ. आरती शर्मा सहित कई सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में ममता तिवारी ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए भगवान परशुराम मंदिर निर्माण हेतु सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।