भक्ति गीतमाला: टेन न्यूज नेटवर्क के 20 वर्ष पूरे, अपर पुलिस आयुक्त राजीव नरेन मिश्रा ने की शिरकत
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (23/10/2026): टेन न्यूज नेटवर्क की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर 22 अक्टूबर 2026 को ग्रेटर नोएडा स्थित कैलाश अस्पताल सभागार में गजानन माली एवं बागेश्री संगीत विद्यालय के सहयोग से भक्ति गीतमाला कार्यक्रम का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया गया। इस संगीतमय संध्या में भक्ति गीतों और मधुर भजनों के माध्यम से दो दशकों की यादगार यात्रा का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में कैलाश अस्पताल के निदेशक एवं कार्यक्रम के संरक्षक दिनेश शर्मा ने भी संस्कृति और संगीत के महत्व पर अपने विचार साझा करते हुए उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
टेन न्यूज नेटवर्क की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित भक्ति गीतमाला कार्यक्रम में संरक्षक के रूप में कैलाश अस्पताल के निदेशक दिनेश शर्मा, मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्ध नगर के अपर पुलिस आयुक्त राजीव नरेन मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह और आईपीएस संचित कुमार शर्मा उपस्थित रहे।

टेन न्यूज नेटवर्क के 20 वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोह में अपर पुलिस आयुक्त राजीव नरेन मिश्रा ने गजानन माली, सुनीता माली और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि 22 अक्टूबर 2006 को शुरू हुई यह यात्रा संघर्ष, मेहनत और समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उस दौर में मीडिया प्लेटफॉर्म शुरू करना और उसे लगातार आगे बढ़ाना आसान नहीं था, लेकिन टीम के धैर्य, उत्साह और प्रतिबद्धता ने टेन न्यूज को एक मजबूत पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के दौरों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में टेन न्यूज नेटवर्क की सक्रिय मौजूदगी इसकी व्यापक पहुंच को दर्शाती है। उन्होंने गजानन माली और उनकी टीम की कार्यशैली, प्रशासनिक समझ और समाचारों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि टीम लोगों और उनकी खबरों को प्रमुखता देने का काम कर रही है।
अपर पुलिस आयुक्त राजीव नरेन मिश्रा ने नवरत्न फाउंडेशन के माध्यम से कलाकारों को मंच देने और संगीत से लोगों को जोड़ने के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों और सोशल मीडिया के जरिए प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम सराहनीय है। साथ ही, उन्होंने टेन न्यूज की 20 वर्षों की यात्रा में सहयोग देने वाले सभी लोगों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि टेन न्यूज नेटवर्क आगे भी अपनी विश्वसनीयता, जिम्मेदारी और पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखते हुए नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा और समाज तक महत्वपूर्ण खबरें पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रखेगा।
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने कार्यक्रम, गीत-संगीत और भजन संध्या के आयोजन के लिए गजानन माली को धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने गजानन माली से हुई पहली मुलाकात को याद किया और उनके व्यक्तित्व, जीवटता तथा कार्य के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने नोएडा में आयोजित कार्यक्रमों, मीडिया मंच और अपने अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि गजानन माली के साथ बातचीत के दौरान बहुत कुछ सीखने को मिलता है।

श्रवण कुमार सिंह ने संवाद के दौरान ‘हरि अनंत हरिकथा अनंता’ और ‘रघुकुल रीति सदा चलि आई, प्राण जाए पर वचन न जाए’ जैसी प्रसिद्ध चौपाइयों का उल्लेख करते हुए उनके महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने गजानन माली को इस सुंदर आयोजन के लिए पुनः धन्यवाद दिया और कहा कि मीडिया के क्षेत्र में आगे भी इसी तरह जुड़कर कुछ नया सीखने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलता रहना चाहिए।

कैलाश अस्पताल के निदेशक दिनेश शर्मा ने टेन न्यूज नेटवर्क के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित भक्ति गीतमाला कार्यक्रम में अपने विचार साझा किए। उन्होंने गीत-संगीत और भजनों के प्रति अपने लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि वे भी गाने और भजन गाने का प्रयास करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को संबोधित किया और टेन न्यूज नेटवर्क की 20 वर्षों की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

टेन न्यूज नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली ने पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा का पिछले 20 वर्षों से मिल रहे निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और विश्वास के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त राजीव नरेन मिश्रा को भी अपना बहुमूल्य समय देने, गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने और अपने प्रेरणादायी विचारों से सभी का उत्साहवर्धन करने के लिए धन्यवाद दिया और साथ ही शानदार मंच संचालन एवं निरंतर सहयोग के लिए नवरत्न फाउंडेशन के संस्थापक अशोक श्रीवास्तव का भी धन्यवाद किया।
गजानन माली ने कहा कि सुनीता माली एवं प्रसाद माली के नेतृत्व में टेन न्यूज नेटवर्क को बुलंदशहर, गाजियाबाद और लखनऊ में विस्तार देने तथा नई दिल्ली में और मजबूत करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि टेन न्यूज की ऊर्जावान टीम समर्पण के साथ कार्य करते हुए दस प्रमुख न्यूज कैटेगरी में नवीनतम, उपयोगी एवं जनहितकारी खबरें समयबद्ध तरीके से प्रकाशित-प्रसारित करेगी। साथ ही, टेन न्यूज नेटवर्क के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से प्रभावी डिजिटल ब्रांडिंग एवं प्रमोशन की सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि, इस शानदार कार्यक्रम में विगत 20 वर्षों से टेन न्यूज़ नेटवर्क को अपना सहयोग, समर्थन, भरोसा और विश्वास प्रदान करने वाले सभी विशिष्ट व्यक्तियों एवं हस्तियों को स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ एवं अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया और उनके प्रति टेन न्यूज़ नेटवर्क परिवार ने अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।