पेट्रोल-डीजल के दामों में फिर बढ़ोतरी, आम जनता पर महंगाई का दबाव बढ़ा

टेन न्यूज नेटवर्क | New Delhi | 15 मई 2026

देश में बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नई दरें लागू होने के बाद वाहन चालकों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

नई कीमतों के अनुसार नॉर्मल पेट्रोल अब ₹94.77 प्रति लीटर से बढ़कर ₹97.91 प्रति लीटर हो गया है। वहीं प्रीमियम पेट्रोल की कीमत ₹102–₹104 प्रति लीटर से बढ़कर ₹105.14 से ₹107.14 प्रति लीटर तक पहुंच गई है। डीजल के दाम भी ₹87.67 प्रति लीटर से बढ़कर ₹90.78 प्रति लीटर हो गए हैं।

ईंधन कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ कैब सेवाओं, सार्वजनिक परिवहन और माल ढुलाई पर पड़ने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में इसका प्रभाव रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है।

पेट्रोल पंपों पर नई दरें लागू होने के बाद उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। कई वाहन चालकों ने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतें घरेलू बजट पर भारी पड़ रही हैं, जिससे आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

टिप्पणियाँ बंद हैं।