Uttar Pradesh News (14 May 2026): उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के चलते कई जिलों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। अलग-अलग जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 96 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा मौतें वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर मंडल में दर्ज की गई हैं।
ग्रामीण इलाकों में तेज तूफान के कारण कच्चे मकान और टीन शेड उड़ गए। कई स्थानों पर किसानों की फसलें भी बर्बाद हो गईं। धूल भरी आंधी और तेज बारिश की वजह से सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा। जगह-जगह पेड़ गिरने से लंबा जाम देखने को मिला। मृतकों में भदोही में 18, प्रयागराज में 17, मिर्जापुर में 15, फतेहपुर में 10, उन्नाव और बदायूं में 6-6, प्रतापगढ़ और बरेली में 4-4, जबकि सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई और संभल में 2-2 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुरखीरी में एक-एक व्यक्ति की जान गई।
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुई जनहानि पर दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि पीड़ितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
एक ओर जहां आंधी और बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, वहीं बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में भीषण गर्मी का असर जारी रहा। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी में 44.5, प्रयागराज में 43.5, हमीरपुर में 43.2 और उरई में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार गुरुवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।
आंधी का असर रेलवे संचालन पर भी देखने को मिला। फतेहपुर में पेड़ गिरने से ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे दिल्ली-हावड़ा रेल रूट करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। कानपुर होकर आने-जाने वाली करीब 22 ट्रेनें प्रभावित हुईं। शाम करीब छह बजे रेल संचालन सामान्य हो सका।
वहीं प्रयागराज-जौनपुर रेलखंड पर थरवई और सरायचंडी रेलवे स्टेशन के बीच गेट नंबर 8-सी के पास एक बड़ा पेड़ अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर गिर गया, जिससे इस व्यस्त रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। लखनऊ और प्रतापगढ़ रूट पर भी आंधी और बारिश का व्यापक असर देखा गया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।