Noida News (12/05/2026): नोएडा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना फेज-1 क्षेत्र में संचालित एक अवैध कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो खुद को निजी बैंकों के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। आरोपियों के खिलाफ देशभर में कई शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मंगलवार को सेक्टर-2 स्थित सी-90 बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर छापेमारी की गई। यहां एक कथित कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था, जहां से विकास कुमार और सूरज नामक दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा दो पीले धातु और दो सफेद धातु के सिक्के भी मिले हैं। जांच में पता चला कि ये सिक्के साइबर ठगी से अर्जित रकम से खरीदे गए थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कमीशन के आधार पर काम करते थे। आरोपी विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड उपभोक्ताओं का डेटा जुटाकर उन्हें कॉल करते थे। बातचीत के दौरान वे खुद को एयू बैंक, एक्सिस बैंक समेत अन्य बैंकों के अधिकारी बताते और ग्राहकों को केवाईसी अपडेट कराने या रिवॉर्ड प्वाइंट रिडीम कराने का झांसा देते थे। इसके बाद वे पीड़ितों को एक एपीके फाइल डाउनलोड करने के लिए कहते थे, जो देखने में बिल्कुल असली बैंकिंग एप्लिकेशन जैसी प्रतीत होती थी।
जांच में सामने आया कि जैसे ही पीड़ित अपने मोबाइल में उक्त एपीके फाइल इंस्टॉल करता था, आरोपियों को फोन का रिमोट एक्सेस मिल जाता था। इसके बाद आरोपी लोगों से उसी एप के जरिए क्रेडिट कार्ड नंबर, सीवीवी और अन्य बैंकिंग जानकारी दर्ज करवाते थे। तकनीकी तरीके से ट्रांजेक्शन का ओटीपी भी आरोपियों तक पहुंच जाता था। इसके जरिए आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर गोल्ड और सिल्वर कॉइन खरीदते और बाद में उन्हें बेचकर रकम बांट लेते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड तोड़कर फेंक देते थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। वहीं खरीदे गए सामान की डिलीवरी किसी भी रैंडम पते पर मंगवाई जाती थी। इससे पुलिस को ट्रैकिंग में दिक्कत होती थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े मोबाइल नंबरों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर 20 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। ये शिकायतें अलग-अलग राज्यों से संबंधित हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और डेटा उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
नोएडा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या मोबाइल एप को बिना सत्यापन डाउनलोड न करें। बैंक कभी भी फोन कॉल पर ग्राहकों से ओटीपी, सीवीवी या कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए नहीं कहते। साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या संबंधित पुलिस स्टेशन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।