सुशासन और जनभागीदारी से ही बनेगी बेहतर दिल्ली: डॉ. मोनिका पंत, डिप्टी मेयर | Ten Talks

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (12/05/2026): “राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में सुशासन” की अवधारणा, उसकी चुनौतियों तथा संभावनाओं पर व्यापक विमर्श को केंद्र में रखते हुए टेन न्यूज नेटवर्क (Ten News Network) द्वारा गलगोटियास विश्वविद्यालय के सहयोग से नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया (Constitution Club of India) में एक विचारोत्तेजक एवं बहुआयामी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरणविदों, शिक्षाविदों, विधिवेत्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर दिल्ली के समक्ष उपस्थित विविध समस्याओं, चुनौतियों एवं उनके व्यावहारिक समाधानों पर गंभीर मंथन किया।

कार्यक्रम में प्रदूषण, अपराध नियंत्रण, लोक प्रशासन, एनडीएमसी एवं एमसीडी में सुशासन, नागरिक सहभागिता तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में आरडब्ल्यूए की भूमिका जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित चर्चा की गई। संवाद के दौरान वक्ताओं ने न केवल समस्याओं का सूक्ष्म विश्लेषण प्रस्तुत किया, अपितु सुशासन की स्थापना हेतु दूरदर्शी, व्यवहारिक एवं जनकल्याणकारी उपायों का भी उल्लेख किया, जिससे यह कार्यक्रम दिल्ली के भविष्य के लिए एक सार्थक वैचारिक पहल सिद्ध हुआ।

दिल्ली नगर निगम की डिप्टी मेयर डॉ. मोनिका पंत ने इस खास मौके पर कहा कि सुशासन एक ऐसा महत्वपूर्ण विषय है, जिस पर केवल समस्याओं की चर्चा करने के बजाय उनके समाधान पर भी गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब समाज के बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि और नागरिक एक साथ बैठकर सकारात्मक सोच के साथ चर्चा करते हैं, तो बेहतर दिल्ली और बेहतर राष्ट्र का निर्माण संभव होता है।

डिप्टी मेयर ने आगे कहा कि दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ-साथ सभी नागरिकों के दिलों में बसती है और हर व्यक्ति का सपना है कि दिल्ली स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बने। उन्होंने बताया कि दिल्ली नगर निगम सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद लगातार काम कर रहा है। पिछले एक वर्ष में सरकार से वित्तीय और आधारभूत ढांचे के स्तर पर मिले सहयोग से निगम के कार्यों की गति तेज हुई है।

उन्होंने कहा कि एक समय दिल्ली की पहचान कूड़े के पहाड़ों से होने लगी थी, लेकिन अब उनमें उल्लेखनीय कमी आई है। नगर निगम द्वारा बायो-माइनिंग का कार्य लगातार किया जा रहा है और इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए प्रयास जारी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में कचरा उत्पन्न होता है और उसके प्रभावी निस्तारण की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की भूमिका नागरिकों के जीवन के हर चरण में रहती है। जन्म प्रमाण पत्र से लेकर अंतिम संस्कार तक, अनेक सेवाओं के माध्यम से निगम सीधे तौर पर लोगों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में निगम की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय और जनप्रतिनिधि नागरिकों की समस्याओं को सुनने और उन्हें संबंधित स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यदि किसी स्तर पर कोई बात अनसुनी रह जाती है, तो नागरिक अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से अपनी बात रख सकते हैं, ताकि उसका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

प्रदूषण के मुद्दे पर डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि इस वर्ष वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य आरोप-प्रत्यारोप करना नहीं, बल्कि मिलकर दिल्ली को बेहतर बनाना है। इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों को साझा जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता और सुशासन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जनभागीदारी के बिना किसी भी अभियान को सफल नहीं बनाया जा सकता।

डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि बीते एक वर्ष में दिल्ली में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं और नागरिकों ने इन्हें महसूस भी किया है। उन्होंने सभी लोगों से मिलकर राजधानी को और अधिक सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में सहयोग करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि इस सकारात्मक एवं अत्यंत सारगर्भित विमर्श में दिल्ली नगर निगम की डिप्टी मेयर मोनिका पंत, र्मा, दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व जज न्यायमूर्ति एम. एल. मेहता, स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर एवं स्वच्छ भारत मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवोम मिश्रा, सीबीआई के पूर्व संयुक्त निदेशक एवं उपराज्यपाल दिल्ली के पूर्व ओएसडी शांतनु सेन, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ आदिश सी अग्रवाला, वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ ए.पी. सिंह, एसपी चेतना के अध्यक्ष अनिल सूद, एमिटी यूनिवर्सिटी की Addl Pro VC तनु जिंदल, सेव आवर सिटी से राजीव काकरिया, पूर्वी दिल्ली आरडब्ल्यूए फेडरेशन से बी. एस. वोहरा, HHEWA के अध्यक्ष सीपी शर्मा, संयुक्त आरडब्ल्यूए फोरम के महासचिव पंकज अग्रवाल, CORWA के एन पी सिंह, समाजसेवी नेहा पुरी सहित अनेक विशिष्ट विद्वान, समाजसेवी, विधिवेत्ता, शिक्षाविद् एवं प्रबुद्ध अतिथिगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की विशेष महत्ता इस तथ्य से भी परिलक्षित हुई कि इसमें राजधानी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे सैकड़ों जागरूक एवं चिंतनशील नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर संवाद को और अधिक सारगर्भित, जनोन्मुख एवं उद्देश्यपूर्ण बनाया। चर्चा के दौरान उपस्थित वक्ताओं एवं नागरिकों ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के समक्ष विद्यमान समस्याओं एवं चुनौतियों पर गंभीर विमर्श करते हुए सुशासन, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं जनसहभागिता आधारित समाधान की दिशा में अपने बहुमूल्य विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। यह संवाद निःसंदेह दिल्ली के सर्वांगीण, संतुलित एवं जनकल्याणकारी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण वैचारिक पहल सिद्ध हुआ।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।