सेक्टर-51 की समस्याओं को लेकर RWA ने नोएडा प्राधिकरण से की तत्काल कार्रवाई की मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (11/05/2026): नोएडा के सेक्टर-51 स्थित आरडब्ल्यूए प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी श्रीकांत क्रांति से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख नागरिक समस्याओं को विस्तार से उठाया। आरडब्ल्यूए ने सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, सीवर ओवरफ्लो, नॉइस पॉल्यूशन, आवारा कुत्तों की समस्या, ग्रीन बेल्ट संरक्षण और सेक्टर में बढ़ती अवैध व्यावसायिक गतिविधियों सहित कुल 18 प्रमुख मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

आरडब्ल्यूए की ओर से महासचिव संजीव कुमार ने प्राधिकरण को सौंपे ज्ञापन में कहा कि सेक्टर-51 और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, जिनका समाधान आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव को देखते हुए रोड इंजीनियरिंग और यू-टर्न व्यवस्था को वैज्ञानिक तरीके से विकसित किया जाना चाहिए। साथ ही सेक्टर की सड़कों पर अतिक्रमण हटाने, संकेतक बोर्ड लगाने और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।

आरडब्ल्यूए ने सेक्टर-51 के डी और ई ब्लॉक में मेट्रो संचालन एवं सड़क यातायात से बढ़ रहे ध्वनि प्रदूषण पर भी चिंता जताई। ज्ञापन में कहा गया कि सुबह से देर रात तक मेट्रो और भारी वाहनों के शोर से निवासियों की दिनचर्या और स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रीन बेल्ट के किनारे साउंड बैरियर लगाने की मांग की गई।

शहर में खुले बड़े नालों को ढककर उनके ऊपर वेंडिंग जोन विकसित करने का सुझाव भी प्राधिकरण को दिया गया। आरडब्ल्यूए का कहना है कि इससे नालों में गंदगी जाने से रोका जा सकेगा और सेक्टरों के प्रवेश द्वारों पर लगने वाले जाम तथा अवैध अतिक्रमण की समस्या में भी कमी आएगी।

आरडब्ल्यूए ने सेक्टर-51 स्थित सी-7 बारात घर की खराब स्थिति पर भी नाराजगी जताई। ज्ञापन में कहा गया कि भवन में कई तकनीकी खामियां हैं और वहां फायर फाइटिंग सिस्टम व ग्रीज ट्रैप जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। प्राधिकरण से इसे आधुनिक क्लब और बैंक्वेट हॉल की तर्ज पर विकसित करने की मांग की गई।

इसके अलावा शहर में लगातार बढ़ रही सीवर ओवरफ्लो की समस्या को गंभीर बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की गई। आरडब्ल्यूए का कहना है कि सेक्टर-50, 51 और आसपास के क्षेत्रों में कई महीनों से सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में नोएडा में ऊंची इमारतों और बढ़ती आबादी को देखते हुए आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की भी मांग की गई। आरडब्ल्यूए ने आगजनी या अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए हेलीकॉप्टर जैसी विशेष व्यवस्थाएं करने का सुझाव दिया।

आरडब्ल्यूए ने सिटीजन चार्टर को प्रभावी रूप से लागू करने पर भी जोर दिया। प्रतिनिधियों का कहना था कि नागरिक सेवाओं के लिए समयसीमा, जवाबदेही और शिकायत निवारण व्यवस्था स्पष्ट होने से पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी।

इसके साथ ही सेक्टरों में आवासीय भवनों में चल रही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों, पीजी, गेस्ट हाउस और क्लीनिकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। आरडब्ल्यूए ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही है।

ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों को बिल्डरों को आवंटित किए जाने का भी आरडब्ल्यूए ने विरोध किया। प्रतिनिधियों का कहना है कि सेक्टरों के हरित क्षेत्र शहर के पर्यावरण संतुलन के लिए जरूरी हैं और इन्हें किसी भी कीमत पर कम नहीं किया जाना चाहिए।

आरडब्ल्यूए ने सेक्टर में आवारा कुत्तों की समस्या, डॉग पॉलिसी के प्रभावी क्रियान्वयन, पार्कों में नियम संबंधी बोर्ड लगाने, टूटी सड़कों की मरम्मत, बिजली की ओवरहेड केबल को भूमिगत करने और मेघदूतम पार्क में सुरक्षा कर्मियों के लिए सुरक्षा हट बनाने जैसी मांगें भी उठाईं। प्रतिनिधिमंडल ने प्राधिकरण से सभी 18 बिंदुओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने और नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने का अनुरोध किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।