बहन को लेकर पुरानी रंजिश बनी खूनी साजिश, डबल मर्डर का आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (09/05/2026): नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन हॉस्टल के अंदर दो मजदूरों की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते पूरी योजना बनाकर अपने दो साथियों को मौत के घाट उतारा था। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित सीताराम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल के एक कमरे से दो मजदूरों के शव बरामद हुए थे। दोनों के सिर और शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के गंभीर निशान मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमों को तुरंत जांच में लगाया गया।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्या का आरोपी अभिषेक कुमार गुर्जरपुर रेलवे लाइन की ओर भागने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख आरोपी ने अवैध तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा और .315 बोर का जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में आरोपी अभिषेक कुमार ने पुलिस को बताया कि वह मेरठ जिले के भावनपुर क्षेत्र का रहने वाला है और मृतक शीशपाल व इंदर उर्फ धर्मेंद्र के साथ 6 मई को ग्रेटर नोएडा आया था। तीनों निर्माणाधीन हॉस्टल में माली का काम कर रहे थे।

आरोपी ने खुलासा किया कि मृतक शीशपाल का उसकी बहन से पहले संबंध था, जिसको लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी के मुताबिक, शीशपाल अक्सर उसे इस बात को लेकर ताने मारता था और इंदर भी उसका साथ देता था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने दोनों की हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से ही दोनों को रास्ते से हटाने की मंशा रखता था। वह काम करने के बहाने उनके साथ ग्रेटर नोएडा आया और मौके की तलाश में रहा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाली रात आरोपी ने दोनों मजदूरों को शराब पिलाई, जबकि खुद कम मात्रा में शराब पी ताकि वह पूरी तरह होश में रहे। देर रात जब दोनों मजदूर गहरी नींद में सो गए तो आरोपी ने फावड़े से शीशपाल के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले की आवाज सुनकर जब इंदर जाग गया तो आरोपी ने उसे भी नहीं छोड़ा और उसके सिर पर कई वार कर दिए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर तेजी से जांच आगे बढ़ाई। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या, पुलिस पर हमला और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या की साजिश कितने समय से रची जा रही थी और आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।