मामूली विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप: तलवार-फरसे से हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (09/05/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के उस्मानपुर गांव में शुक्रवार को मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक टकराव का रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर कई ग्रामीणों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़ित पक्ष के यामीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार सुबह उनके बेटे हसीन की गांव के ही एक युवक से किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। उस समय आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत करा दिया था और मामला खत्म होता दिखाई दे रहा था।

लेकिन कुछ समय बाद विवाद ने फिर उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के कई लोग तलवार और फरसा जैसे धारदार हथियार लेकर यामीन के घर पहुंच गए। वहां पहुंचते ही उन्होंने हसीन और उनके पिता पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

चीख-पुकार सुनकर गांव के पूर्व प्रधान नुरू और उनका बेटा बीच-बचाव के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोप है कि आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में नुरू प्रधान, अफसर, गुलफाम समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब पुलिस घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल ले जा रही थी, उसी दौरान आरोपियों ने रास्ते में पुलिस वाहन पर भी पथराव किया। इस घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर दनकौर थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी आरोपों की पड़ताल कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।