HHEWA सेशन में निर्यात बढ़ाने, नए बाजार तलाशने और श्रम समस्याओं पर मंथन: सी.पी. शर्मा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (07/05/2026): हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन (HHEWA) की ओर से आज गुरूवार को ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में एक विशेष सेमिनार एवं इंटरएक्टिव सेशन का आयोजन किया। कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर के EPCH सदस्यों सहित बड़ी संख्या में निर्यातकों ने भाग लिया। सेशन के दौरान निर्यात क्षेत्र के सामने मौजूद चुनौतियों, ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट, ड्रॉप शिपमेंट कॉन्सेप्ट, ग्लोबल मार्केट ट्रेंड, बायर्स की बदलती अपेक्षाओं और निर्यात प्रक्रिया को सरल बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में IEML चेयरमैन एवं EPCH प्रिंसिपल मेंटर डॉ. राकेश कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में सफल निर्यात के विभिन्न पहलुओं पर अपने अनुभव साझा किए। वहीं जिला उद्योग केंद्र (DIC) नोएडा के अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार की निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं और उद्योगों को मिलने वाले इंसेंटिव्स की जानकारी दी। कार्यक्रम का नेतृत्व HHEWA की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शशि नांगिया ने किया, जबकि संचालन संयुक्त सचिव प्रदीप चौबे ने संभाला सेमिनार के बाद आयोजित चाय पर चर्चा एवं नेटवर्किंग सेशन में निर्यातकों ने आगामी अक्टूबर दिल्ली मेले को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत करते हुए HHEWA अध्यक्ष सी.पी. शर्मा ने बताया कि हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन एक पैन इंडिया संस्था है, जिसके साथ देशभर के लगभग 7,900 एक्सपोर्टर्स जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक्सपोर्टर्स के अलावा माइक्रो यूनिट्स और आर्टिजन्स भी एसोसिएशन का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले छह से आठ महीनों के दौरान निर्यात कारोबार में गिरावट देखने को मिली है। अमेरिका की टैरिफ नीतियों, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान-इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष का असर निर्यात कारोबार पर पड़ा है। ऐसे में निर्यातक नए बाजार, नए व्यापारिक मॉडल और एक्सपोर्ट के वैकल्पिक तरीकों की तलाश कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से इस सेशन का आयोजन किया गया, ताकि एक्सपोर्टर्स की समस्याओं और संभावनाओं पर एक साझा मंच पर चर्चा हो सके।
सी.पी. शर्मा ने कहा कि डॉ. राकेश कुमार ने सेशन के दौरान निर्यात बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक्सपोर्ट सेक्टर में मिडिल लेयर और बिचौलियों की भूमिका कम करने की जरूरत है, ताकि निर्यातकों का मार्जिन और मुनाफा बढ़ सके। उन्होंने कहा कि ऑर्डर की संख्या कम होने पर भी बेहतर मार्जिन के जरिए नुकसान की भरपाई की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि HHEWA लंबे समय से ड्रॉप शिपमेंट कॉन्सेप्ट पर काम कर रही है। एक्सपो बाजार के माध्यम से तैयार सिस्टम और स्थापित मार्केट मिलने से एक्सपोर्टर्स को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि एक्सपो बाजार का नेटवर्क अमेरिका के साथ-साथ यूरोप और यूके तक फैला हुआ है, जहां ई-कॉमर्स, बी-टू-बी सेल और वेयरहाउसिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे जुड़े सदस्य आने वाले समय में इसका लाभ उठाकर अपने निर्यात कारोबार को विस्तार दे सकेंगे।
कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर के डिप्टी कमिश्नर पंकज निर्वाण भी मौजूद रहे। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक्सपोर्टर्स को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। इनमें मार्जिन मनी, मार्केटिंग डेवलपमेंट असिस्टेंस (MDA), इंटरेस्ट सबवेंशन स्कीम, मॉडर्नाइजेशन के लिए कैपिटल सब्सिडी और फ्रेट सब्सिडी जैसी योजनाएं शामिल हैं।
सी.पी. शर्मा ने कहा कि सेशन का मुख्य उद्देश्य इंडस्ट्री में सूचना के अभाव को दूर करना और निर्यात से जुड़ी योजनाओं की सही जानकारी लोगों तक पहुंचाना था। उन्होंने बताया कि श्रम संबंधी समस्याओं पर लेबर कमिश्नर राकेश द्विवेदी ने विस्तार से जानकारी दी और निर्यातकों के सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने कहा कि कई बार कंसल्टेंट्स के पास पूरी जानकारी नहीं होती, जिससे निर्यातकों को नुकसान उठाना पड़ता है। इसी वजह से सरकार और एक्सपोर्टर्स के बीच सीधा संवाद बेहद जरूरी है।
सी.पी. शर्मा ने सभी निर्यातकों से जागरूक रहने और सामूहिक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल अपने परिवार तक सीमित सोचने के बजाय समाज और देश के हित में भी कार्य करना जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि सभी मिलकर प्रयास करें तो विकसित भारत 2047 का लक्ष्य हासिल करना संभव है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।