दिल्ली में नवीनीकृत नेहरू प्लेस डाकघर का उद्घाटन, नागरिकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (07 मई 2026): राजधानी दिल्ली के नेहरू प्लेस क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवीनीकृत डाकघर का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि, “केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा इस आधुनिक डाकघर का लोकार्पण किया गया, जो नागरिकों को तेज, सरल और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि, “बदलते समय के साथ डाक विभाग ने स्वयं को तकनीक और डिजिटल सेवाओं के अनुरूप विकसित किया है।” उन्होंने कहा कि अब लोगों को डाकघरों में पहले से अधिक सुविधाजनक और आधुनिक सेवाओं का अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का डाक विभाग लगातार आधुनिक हो रहा है। पहले जहां डाकघर केवल पत्र और पार्सल सेवाओं तक सीमित माने जाते थे, वहीं अब वे बहुउद्देश्यीय जनसेवा केंद्र के रूप में विकसित हो चुके हैं। आज डाकघरों में बैंकिंग, बीमा, आधार कार्ड, पासपोर्ट और वित्तीय सेवाओं जैसी कई सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, “आज दिल्ली के नेहरू प्लेस में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और संचार राज्य मंत्री डॉ. पेमासानी चंद्रशेखर के साथ India Post के नवीनीकृत डाक भवन का लोकार्पण किया गया। School of Planning and Architecture द्वारा डिज़ाइन किया गया यह भवन आधुनिक प्रशासन और Citizen First Approach का प्रतीक है। यह पहल डाक विभाग को Future-Ready Institution बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
उन्होंने नेहरू प्लेस क्षेत्र के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस आधुनिक डाकघर की सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेमासानी चंद्रशेखर ने भी डाक विभाग के आधुनिकीकरण को जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम पहल बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत डाक सेवाओं को नई तकनीक से जोड़ा जा रहा है, ताकि नागरिकों को तेज, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में ग्रेटर कैलाश से विधायक शिखा राय समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे राजधानी में सार्वजनिक सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल सुविधाओं और बेहतर ग्राहक सेवाओं से लैस नेहरू प्लेस डाकघर अब क्षेत्र के लोगों के लिए एकीकृत सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेगा। सरकार का मानना है कि इस तरह की पहलों से न केवल डाक सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी, बल्कि नागरिकों का भरोसा भी सरकारी संस्थाओं पर और अधिक बढ़ेगा। “डाक सेवा जन सेवा” के संदेश के साथ सरकार डाक विभाग को नई पहचान देने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।