ग्रेटर नोएडा के लापता व्यक्ति का शव खुर्जा नहर में बरामद, हत्या की आशंका
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (05/05/2026): सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र से लापता एक व्यक्ति का शव बुलंदशहर जिले के खुर्जा इलाके में नहर से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए साजिश की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, पाली गांव निवासी 55 वर्षीय कृष्ण कुमार 29 अप्रैल की सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 30 अप्रैल को उनके चचेरे भाई सुभाष ने सूरजपुर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसी बीच सोमवार को बुलंदशहर पुलिस ने खुर्जा क्षेत्र की नहर में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना सूरजपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान कृष्ण कुमार के रूप में की गई। परिजनों का आरोप है कि शव मिलने के समय मृतक के शरीर पर कपड़े नहीं थे और सिर, गर्दन व पैरों पर गंभीर चोटों के निशान मौजूद थे, जिससे साफ तौर पर किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त की जा रही है। उनका कहना है कि कृष्ण कुमार की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है।
मामले पर एडीसीपी आरके गौतम ने बताया कि कृष्ण कुमार के लापता होने के बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें वह 29 अप्रैल की शाम दादरी तिराहा के पास अकेले जाते हुए दिखाई दिए थे। इसके अलावा गाजियाबाद के लालकुआं क्षेत्र में बस से उतरते हुए भी उनकी गतिविधि रिकॉर्ड हुई थी।
पुलिस के अनुसार, एक मई को खुर्जा कोतवाली देहात क्षेत्र की नहर से उनका शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की व्यक्तिगत दुश्मनी या विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।