आरक्षी दीक्षांत परेड में बोले सीएम योगी, “जितना पसीना बहेगा, उतना ही कम खून बहाना पड़ेगा”
टेन न्यूज नेटवर्क
Uttar Pradesh News (26/04/2026):आज रविवार को लखनऊ रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित 60,244 आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती (2025 बैच) के दीक्षांत परेड समारोह (Convocation Parade Ceremony) को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बेटियों ने मजबूती, तत्परता, समर्पण व अनुशासन का सराहनीय परिचय दिया है। उन्होंने कहा, “अभी जितना पसीना बहेगा, भविष्य में उतना ही कम खून बहाने की नौबत आएगी।” साथ ही सीएम योगी ने परेड का निरीक्षण कर और सलामी भी ली।
कानून अपराधी के लिए कठोर और नागरिकों के लिए संवेदनशील होना चाहिए
सीएम ने प्रशिक्षण पूर्ण कर दीक्षांत समारोह का हिस्सा बनने वाली महिला आरक्षियों को बधाई दी और कहा कि सभी ने लगन व अनुशासन के साथ कठोर प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अब आप सभी को जनपदों की फील्ड ड्यूटी में जाना है। याद रखिए, कानून अपराधी के लिए जितना कठोर हो, नागरिकों के प्रति उतना ही संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी आरक्षी प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान, कौशल व मूल्यों का उपयोग करते हुए निष्ठा, ईमानदारी व कर्तव्यपरायणता से यूपी पुलिस की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
कई प्रशिक्षण केंद्रों में जाकर देखा, अब बेहतर प्रशिक्षण व सुविधाएं
सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश के 10 पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों, 73 जनपदों की पुलिस लाइंस, 29 पीएसी बटालियनों और 112 रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटरों में एक साथ आरक्षी दीक्षांत परेड आयोजित की जा रही है। 15 जून 2025 को लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने 60,244 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए थे। 21 जुलाई से इनका प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। इस दौरान मैं भी विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में गया और देखा कि प्रशिक्षण व सुविधाएं पहले से बेहतर हुई हैं।
हमने यूपी को देश के बेहतरीन पुलिस बल के रूप में स्थापित किया
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले यूपी पुलिस के सामने चुनौती और संकट था, लेकिन हमने इसे देश के बेहतरीन पुलिस बल के रूप में स्थापित किया। हमने 2.18 लाख से अधिक पुलिस कार्मिकों की भर्ती और 1 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों का प्रमोशन किया। 2017 में पुलिस की ट्रेनिंग क्षमता महज 3 हजार थी, लेकिन हमने 60,244 पुलिस आरक्षियों का प्रशिक्षण यूपी के केंद्रों में ही एक साथ संपन्न किया है, जो 9 वर्षों में अर्जित की गई प्रगति को दर्शाता है।

2017 में टूटे-फूटे बैरक थे, अब 55 जनपदों में हाईराइज भवन
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले पुलिस के बैरक टूटे-फूटे, खपड़ैल व टीनशेड के होते थे, लेकिन अब 55 जनपदों में पुलिस कार्मिकों के बैरक व आवासीय सुविधा के हाईराइज भवन दिखाई देते हैं। प्रशिक्षण केंद्र उत्कृष्ट हो रहे हैं। हर प्रशिक्षु को आधारभूत प्रशिक्षण देने के साथ ही व्यावसायिक प्रशिक्षण भी दिया। यूपी पुलिस ट्रेनिंग पोर्टल भी लॉन्च किया। शारीरिक प्रशिक्षण को वैज्ञानिक व आधुनिक बनाने के लिए स्मार्ट पीटी प्रोग्राम लागू किया गया। आउटडोर प्रशिक्षण में पुरानी .303 बोर राइफल के स्थान पर आधुनिक इंसास व एसएलआर राइफल द्वारा प्रशिक्षण दिया है।
मिशन कर्मयोगी में यूपी का उत्कृष्ट प्रदर्शन
सीएम योगी ने इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन में मिशन कर्मयोगी के तहत कर्मयोगी पोर्टल पर 5 विशेष मॉड्यूल तैयार किए गए। 32 विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। हाल ही में संचालित साधना सप्ताह में शासकीय कर्मचारियों ने 1.25 करोड़ कोर्स पूर्ण कर यूपी को देश में पहला स्थान दिलाया है। यूपी पुलिस ने इसमें 28 लाख कोर्स पूरे किए। यूपी पुलिस देश भर के सभी राज्यों-विभागों में चौथे स्थान पर रही है।
यूपी एटीएस को अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के मानक के अनुरूप प्रशिक्षण
सीएम योगी ने कहा कि यूपी एटीएस के अधिकारियों व जवानों को एनआईए और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण देने का कार्य चल रहा है। पुलिस बल को व्यावहारिक दक्षता व सॉफ्ट स्किल पर आधारित विशेष ट्रेनिंग भी दी जा रही है। 75 जनपदों में साइबर थानों की स्थापना के साथ ही पुलिस कर्मियों को आधुनिक साइबर अपराधों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लखनऊ में उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज की स्थापना की गई है।

अब अपराधियों में भय, पुलिस का मनोबल ऊंचा
सीएम योगी ने कहा कि यूपी पुलिस देश में मॉडल व ‘स्मार्ट’ है। अब यूपी में अपराधियों के मन में भय और पुलिस का मनोबल ऊंचा है। महिला कार्यबल 13 प्रतिशत से बढ़कर 36 फीसदी से अधिक हो गया है।
2019-20 से चल रहा ‘मिशन शक्ति’
सीएम योगी ने कहा कि 2019-20 से अनवरत मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए कार्यक्रम चल रहे हैं। हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र बनाए गए हैं। तीन महिला पीएसी बटालियनों का गठन किया गया है।
यूपी पुलिस की बेहतरी के लिए लगातार कार्य
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को आदर्श मॉडल बनाने और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत रिकॉर्ड स्तर पर सीधी भर्ती प्रक्रिया संपन्न की गई। यूपी-112 के रिस्पांस टाइम को 65 मिनट से घटाकर 6-7 मिनट तक लाने में सफलता मिली है। समारोह में राज्यसभा सांसद Dinesh Sharma, महापौर सुषमा खर्कवाल, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।