FINTECH City | Yamuna Authority ACEO S.K Bhatia | मनी अल्फा 360°समिट | India Expo Mart
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (24 अप्रैल 2026): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में मनी अल्फा 360° समिट भारत के वित्तीय और तकनीकी परिदृश्य को दिशा देने वाला एक प्रमुख मंच बनकर उभरा है। इस शिखर सम्मेलन में उद्योग जगत के कई दिग्गजों ने भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था, नवाचार और निवेश संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। इसी क्रम में यमुना प्राधिकरण के ACEO एस.के. भाटिया ने विशेष वार्ता में हिस्सा लिया और संगठनात्मक विकास, नवाचार तथा भारतीय बाजार में उभरते अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक “कम्प्लीट इकोसिस्टम” के रूप में विकसित हो चुके हैं, क्योंकि इनके पास दिल्ली, गुरुग्राम और पूरे एनसीआर क्षेत्र की मजबूत कनेक्टिविटी उपलब्ध है। उनके अनुसार निवेश और कारोबार के लिए इससे बेहतर स्थान मुश्किल से मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार GIFT City ने फिनटेक सेक्टर में पहचान बनाई है, उसी तरह उत्तर भारत में जेवर क्षेत्र के आसपास फिनटेक सिटी विकसित की जानी चाहिए।
एस.के. भाटिया ने कहा कि किसी भी कॉरपोरेट संस्था को देश की राजधानी से जुड़ाव और वैश्विक व्यापार के लिए अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी की आवश्यकता होती है, जो नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (जेवर एयरपोर्ट) के माध्यम से उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के निकट फिनटेक सिटी का निर्माण एक आदर्श परियोजना साबित हो सकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि सेक्टर-11 में लगभग 250 एकड़ क्षेत्रफल में इस परियोजना की योजना बनाई गई है। यह क्षेत्र एयरपोर्ट के बिल्कुल निकट स्थित है, जहां से महज 5 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। एस. के. भाटिया ने कहा कि इससे समय की बचत होगी, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और कंपनियों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जहां अन्य महानगरों में एयरपोर्ट पहुंचना लंबी प्रक्रिया हो सकती है, वहीं यहां ऑफिस से कुछ ही मिनटों में एयरपोर्ट तक पहुंचा जा सकेगा और वह भी बिना किसी ट्रैफिक बाधा के।
उन्होंने बताया कि फिलहाल यह परियोजना ग्रीनफील्ड चरण में है और इसके लिए “एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट” जारी किया गया है, जिसे सार्वजनिक डोमेन में रखा गया है। यह जानकारी सरकारी और एनआईसी वेबसाइटों के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने विशेषज्ञों से सुझाव आमंत्रित किए हैं कि इस परियोजना को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP), लीज मॉडल अथवा किसी अन्य तंत्र के माध्यम से किस प्रकार विकसित किया जाए।
यमुना प्राधिकरण के ACEO एस.के. भाटिया ने यह भी बताया कि GIFT City के अधिकारियों के अनुभवों का भी अध्ययन किया जा रहा है और इसके लिए एक दौरा भी तय किया गया है, जहां विशेषज्ञों से चर्चा कर परियोजना को और बेहतर स्वरूप देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उन्होंने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि भारत का कॉरपोरेट जगत अब केवल पारंपरिक तरीकों पर निर्भर नहीं रह सकता। नवाचार, तकनीक और दूरदर्शी सोच ही सफलता की असली कुंजी है। उनका मानना है कि जब आधुनिक तकनीक और सही विजन का मेल होता है, तब न केवल कंपनियां बल्कि पूरा देश आर्थिक मजबूती की ओर अग्रसर होता है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।